मणिपुर में कथित तौर पर मेथनॉल मिली स्थानीय शराब पीने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक हजार से अधिक लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है और कुछ आईसीयू में भर्ती हैं। कांग्रेस ने इस घटना के लिए राज्य के आबकारी विभाग को जिम्मेदार ठहराया है और स्वतंत्र जांच व मुआवजे की मांग की है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र सिंह के मुताबिक, यैरिपोक, चाकपीकारोंग, सुगनू, काकचिंग और चंदेल जिले के लोग अस्पतालों में भर्ती हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि चाकपीकारोंग के स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही करीब आठ लोगों की मौत हुई। उनका आरोप है कि शुरुआत में लक्षणों की पहचान नहीं हो सकी और स्वास्थ्य केंद्रों ने समय रहते चेतावनी नहीं दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गांवों में अवैध शराब बनाई और बेची जा रही थी, तो प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई।
सिंह ने मांग की कि शराब के नमूनों की खाद्य सुरक्षा जांच कराई जाए और मौतों की आपराधिक जांच हो। उनका आरोप है कि आबकारी, गृह और स्वास्थ्य विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे। उन्होंने राज्य में पहले से जारी हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी व्यवस्था प्रभावित हुई है और ये मौतें प्रशासनिक विफलता का उदाहरण हैं। पार्टी ने सरकार से स्पष्ट बयान जारी करने की भी मांग की है।
घटना के बाद राज्य सरकार ने स्वास्थ्य और आबकारी विभाग की ओर से संयुक्त सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है। इसमें पिछले 48 से 72 घंटों में संदिग्ध शराब पीने वालों से तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल, आरआईएमएस इम्फाल या जेएनआईएमएस पहुंचने को कहा गया है। धुंधला दिखना, उल्टी, सांस लेने में परेशानी, चक्कर और पेट दर्द जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है। खुद से दवा लेने या घरेलू इलाज से मना किया गया है। लोगों से संदिग्ध शराब की बोतलें और पाउच फेंकने के बजाय सुरक्षित रखने को कहा गया है, ताकि पुलिस और आबकारी विभाग खेप और उसमें मिले रसायन का पता लगा सकें। राज्य के सभी अस्पताल और निगरानी इकाइयां अलर्ट पर हैं।