महाराष्ट्र सरकार में राज्य मंत्री योगेश कदम ने रत्नागिरी में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि समान नागरिक संहिता हर राज्य में लागू होनी चाहिए। इस संबंध में फैसले संबंधित राज्यों की विधानसभाओं में लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भी यूसीसी लागू होनी चाहिए और इस दृष्टिकोण से उन्होंने पिछले सत्र में भी सदन में इस सवाल का जवाब दिया था। कदम ने कहा कि मुख्यमंत्री भी उनकी सरकार का रुख स्पष्ट कर चुके हैं।
जंगलों में आग लगने की घटनाओं पर योगेश कदम ने कहा कि इस बीच उन्होंने भी इस विषय का थोड़ा अध्ययन किया है कि जंगलों में आग फैलने से कैसे रोका जाए। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर जानबूझकर जंगलों में आग लगाई जाती है। वहीं, कुछ जगहों पर, जैसा कि हम जानते हैं, बचपन में भी पढ़ा था कि जब लकड़ियां आपस में रगड़ती हैं तो चिंगारी पैदा होती है और जंगल में आग लग जाती है। इसे हम दावानल कहते हैं।
कदम ने कहा कि ऐसी आग की घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।
