22 वर्षीय श्रावणी राणे और 26 वर्षीय मोहम्मद फ़ैज़ ने अक्तूबर 2026 में विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी की थी। श्रावणी की मां नीलेशा राणे ने मेघवाड़ी पुलिस स्टेशन में बेटी के जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मोहम्मद फ़ैज़ के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में मार्च 2026 में राज्य सरकार ने धर्म की स्वतंत्रता से जुड़ा विधेयक पारित किया था, जिसमें जबरन या धोखाधड़ी से धर्मांतरण के लिए सज़ा का प्रावधान है।

मीडिया से बात करते हुए श्रावणी राणे ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है और उन्होंने धर्म परिवर्तन नहीं किया है। उन्होंने कहा, "मेरा बयान दर्ज किया गया। मैंने पुलिस को बताया कि मैं अपनी मर्जी से आई थी।" श्रावणी ने कहा कि उनका आधार कार्ड और पैन कार्ड श्रावणी नीलेश राणे के नाम पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू-मुस्लिम विवाह होने के कारण उनके साथ राजनीति की जा रही है। श्रावणी का कहना है कि दोनों के बीच पांच साल से प्रेम संबंध था और दोनों एक-दूसरे को स्कूल के समय से जानते हैं।

श्रावणी ने बताया कि रिसेप्शन के निमंत्रण पत्र में उनका नाम "श्रावणी निलेशा राणे" के साथ "आयशा" भी लिखा गया था, जिससे यह धारणा बनी कि उन्होंने धर्म परिवर्तन कर लिया है। उन्होंने कहा, "मैंने धर्म परिवर्तन नहीं किया है। क्या उस कार्ड पर लिखा नाम इसका सबूत है?" मोहम्मद फ़ैज़ के वकील क़रीम पठान ने कहा कि लड़का मुस्लिम और लड़की हिंदू है तथा उनकी शादी विशेष विवाह अधिनियम के तहत हुई थी।

दिंडोशी सत्र न्यायालय ने महाराष्ट्र धर्म की स्वतंत्रता अधिनियम, 2026 के तहत मेघवाड़ी पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में अभियुक्त मोहम्मद फ़ैज़ अकबर ख़ान को अग्रिम ज़मानत दे दी है। अदालत ने 50 हज़ार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के ज़मानतदार पर ज़मानत देने का आदेश दिया और अभियुक्त को अगले 90 दिनों तक हर सोमवार और शुक्रवार दोपहर 12 से 3 बजे के बीच संबंधित पुलिस स्टेशन में पेश होने का निर्देश दिया। ज़मानत की शर्तों में सबूतों के साथ छेड़छाड़ न करना, शिकायतकर्ता या गवाहों से संपर्क न करना और अदालत की अनुमति के बिना देश न छोड़ना शामिल है। ज़मानत मिलने के बाद वकील क़रीम पठान ने कहा कि सत्र न्यायालय में यह साबित हुआ कि एफ़आईआर और आरोप ग़लत थे। इस मामले पर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने भी मीडिया से बात की थी।