तमिलनाडु के तिरुवन्नमलाई जिले में एक स्कूल री-यूनियन के दौरान शुरू हुए रिश्ते को लेकर हुई डबल मर्डर की घटना सामने आई है। पुलिस ने आरोपी संजय गांधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके कथित प्रेमी की हत्या की है। दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार थे और घटनास्थल पर कैब से आए थे, जहां घात लगाए बैठे आरोपी ने उनकी हत्या कर दी।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी संजय गांधी तिरुवन्नमलाई जिले के एक स्कूल में पढ़ता था और दोनों मृतक भी उसी स्कूल के छात्र रहे थे। स्कूल री-यूनियन के दौरान संजय और मृतका की मुलाकात हुई और धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए। बाद में लड़की ने संजय से दूरी बनानी शुरू कर दी, जिसके बाद आरोपी को शक हुआ कि वह किसी और लड़के से बात कर रही है। पुलिस इसी जलन को हत्या की वजह मान रही है।

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, मृतक आपस में रिश्तेदार थे और एक कैब से घटनास्थल पर पहुंचे थे। जैसे ही वे उतरे, घात लगाए बैठे संजय ने उनकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, हत्या की सही वजह और परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद राज्य की सियासत भी गरमा गई है। विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सरकार की आलोचना की है और मुख्यमंत्री विजय से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी लेने की मांग की है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने तिरुपत्तूर की इस दोहरी हत्या और पिछली रात पल्लावरम में एक अन्य युवक की हत्या का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सत्ता में आने के बाद से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है और उसका ध्यान अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय दूसरों पर दोष मढ़ने और सोशल मीडिया रील्स से अपनी छवि सुधारने पर अधिक है।