15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 24 नवंबर को दोहा में लिस्ट ए क्रिकेट की एक पारी में सबसे तेज़ 100 रन (28 गेंद), सबसे तेज़ 150 रन (40 गेंद) और सबसे तेज़ 200 रन (52 गेंद) का रिकॉर्ड बनाया। उनकी 204 रन की पारी में कुल 28 छक्के थे, यानी 168 रन छक्कों से ही आए। इस पारी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि यह खिलाड़ी भारतीय टी20 टीम में बतौर ओपनर अपनी जगह कब पक्की कर पाएगा और क्या उन्हें वनडे क्रिकेट में भी आज़माया जाना चाहिए।
अब तक खेले गए 10 टी20 इंटरनेशनल मैचों में वैभव ने 29.50 की औसत और 185.53 के स्ट्राइक रेट से 295 रन बनाए हैं, जिनमें सबसे ज़्यादा पारी 81 रन की रही। उन्हें इंग्लैंड के सामने तीन, ज़िम्बाब्वे के सामने तीन, न्यूज़ीलैंड के सामने दो और पाकिस्तान व श्रीलंका के सामने एक-एक मैच में मौका दिया गया है। आईपीएल की 23 पारियों में उन्होंने 1028 रन बनाए हैं, जहां उनकी औसत 44.69 और स्ट्राइक रेट 228.95 रहा। इनमें सात मैच 2025 सीज़न और 16 मैच 2026 के आईपीएल में खेले गए। आईपीएल 2026 में ही उन्होंने क्रिस गेल का एक सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड तोड़ा था। गेल ने 2012 में 59 छक्के मारे थे, जबकि राजस्थान रॉयल्स के इस टीनएज सेंसेशन ने 2026 में 72 छक्के जड़े।
वरिष्ठ खेल पत्रकार अयाज़ मेनन ने कहा कि यह बिलकुल वाजिब सवाल है कि ऐसी पारियों के बावजूद वैभव को लंबे समय तक क्यों नहीं आज़माया जाता। उन्होंने कहा कि वैभव जैसे खिलाड़ी को सही समय पर लगातार मौके न मिलें तो नुक़सान हो सकता है। मेनन के मुताबिक़, दस मैच में फ़ेल होने पर बाहर करना समझ आता है, लेकिन एक-दो मैच खिलाकर बाहर कर देना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन बढ़िया खिलाड़ी हैं, लेकिन वैभव के लिए जगह बनाने के रास्ते खोजने होंगे।
खेल विशेषज्ञ और राइटर मीनाक्षी राव ने कहा कि वैभव को लेकर बैलेंस्ड अप्रोच की ज़रूरत है। उनके मुताबिक़, इस खिलाड़ी को लेकर चारों तरफ़ काफ़ी हाइप है और यह उम्मीद करना बेमानी है कि वो हर मैच में स्कोर करेंगे, लेकिन उन्हें मौके लगातार देने होंगे। मीनाक्षी का कहना है कि वैभव की आक्रामक बल्लेबाज़ी उनका यूएसपी है। इससे पहले न्यूज़ीलैंड में पाँच मैचों की टी20 सिरीज़ में वैभव को दो मैचों में खिलाया गया था, जिनमें से एक में उन्होंने ओपन करते हुए 19 गेंद में 45 रन बनाए थे। कप्तान श्रेयस अय्यर ने सिरीज़ से पहले कहा था कि यह ज़रूरी है कि वैभव जैसा टैलेंट ड्रेसिंग रूम के आसपास ख़ुश रहे और उनके पास आने वाले सालों में कई मौके आएंगे, क्योंकि टीम के ओपनर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
