केरल बीजेपी को दो दिन के भीतर दूसरा झटका लगा है। पद्मजा वेणुगोपाल के इस्तीफे के बाद अब पूर्व एथलीट पद्मिनी थॉमस ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने पार्टी पर नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पद्मिनी 2024 में ही बीजेपी में शामिल हुई थीं और पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चे में उपाध्यक्ष थीं।

पद्मिनी ने कहा कि वह राजनीति में आकर खेलों के लिए कुछ करना चाहती थीं, लेकिन खेल के क्षेत्र में काम करने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग उन्हें बीजेपी में लाए थे, उन्होंने भी इस विषय पर बात आगे नहीं बढ़ाई और उठाए गए मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया गया।

उन्होंने बताया कि उनके परिवार का कांग्रेस से संबंध रहा है और वह कांग्रेस में वापस जा रही हैं। पद्मिनी ने कहा कि उनका फैसला पद्मजा के फैसले से जुड़ा नहीं है और पिछले एक साल से उनका मन पार्टी से अलग हो गया था। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस जाने के लिए उन्होंने कोई शर्त नहीं रखी है और वह जल्द अपना इस्तीफा सौंप देंगी।

गौरतलब है कि पद्मजा वेणुगोपाल ने गुरुवार को बीजेपी से इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा था कि बीजेपी में आकर उन्होंने गलती की और अब इस गलती को सुधारने का प्रयास किया जाएगा। पद्मिनी 2011 से 2016 तक राज्य खेल परिषद की सदस्य रह चुकी हैं और 2020 में रेलवे से रिटायर हुई थीं। उन्होंने 1982 के एशियाई खेलों में 400 मीटर रिले में रजत और 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था।