पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर का विजडन स्कूप को दिए हालिया इंटरव्यू क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के गेंदबाज़ भी अपने दौर में गेंद से छेड़छाड़ यानी बॉल टैंपरिंग किया करते थे। अख़्तर ने कहा, "मेरी अपनी टीम के खिलाड़ी भी बॉल टैंपरिंग में शामिल रहे हैं और इसके लिए वे बोतलों के ढक्कन इस्तेमाल करते थे। वे सैंडपेपर का इस्तेमाल नहीं करते थे। हम गेंदें बदलते थे और इस तरह के कई काम करते थे।" उनका कहना है कि ऑस्ट्रेलिया ने जो किया, वह ग़लत था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बॉल टैंपरिंग का यह अकेला मामला नहीं था। अख़्तर ने आगे कहा कि उनके पास अपने पूर्व साथी खिलाड़ियों के बारे में कहने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे और उन्हें मुश्किल में नहीं डाल सकते।

यह इंटरव्यू ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर उस्मान ख़्वाजा की किताब 'सब्र' के ज़रिए आठ साल पुराने सैंडपेपर स्कैंडल के दोबारा सामने आने के बीच आया है। इस मामले से जिन खिलाड़ियों का सीधे कोई संबंध नहीं है, वे भी इस पर बात कर रहे हैं।

गौरतलब है कि शोएब अख़्तर ख़ुद अपने करियर में दो बार बॉल टैंपरिंग करते पकड़े गए थे। पहली बार 2002 में ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ हरारे टेस्ट में आईसीसी मैच रेफ़री क्लाइव लॉयड ने गेंद से छेड़छाड़ करने पर उन्हें कड़ी चेतावनी दी थी, हालांकि उन्हें कोई सज़ा नहीं मिली। दूसरी बार 2003 में श्रीलंका में आईसीसी मैच रेफ़री गुन्डप्पा विश्वनाथ ने बॉल टैंपरिंग के लिए उन पर दो वनडे मैचों का प्रतिबंध लगाया था और मैच फ़ीस का 75 फ़ीसदी जुर्माना लगाया था।

बॉल टैंपरिंग के मामले में पाकिस्तानी तेज़ गेंदबाज़ दूसरों के मुक़ाबले कुछ ज़्यादा सुर्ख़ियों में रहे हैं। पाकिस्तानी गेंदबाज़ हमेशा कहते आए हैं कि उन्होंने गेंद से छेड़छाड़ किए बिना रिवर्स स्विंग के ज़रिए विरोधी बल्लेबाज़ों पर अपना दबदबा बनाया और इसे एक कला मानते हैं।