ब्रिटेन में ब्रेस्ट कैंसर की जांच में एआई के इस्तेमाल को परखने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा ट्रायल शुरू हो गया है। इस ट्रायल में लगभग सात लाख महिलाओं को शामिल किया जाएगा। इसे एडिथ (EDITH) ट्रायल कहा जा रहा है और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स इसका पहला सेंटर है। ब्रिटेन में कुल 30 केंद्रों पर यह ट्रायल किया जाएगा। मकसद यह जानना है कि क्या एआई की मदद से कैंसर का शुरुआती स्टेज में पता लगाने की क्षमता बढ़ाई जा सकती है और क्लिनिकल स्टाफ पर काम का बोझ कम किया जा सकता है।
फिलहाल ब्रिटेन में 50 से 71 साल की महिलाओं को हर तीन साल में नियमित ब्रेस्ट कैंसर जांच के लिए बुलाया जाता है और हर साल 20 लाख से अधिक महिलाएं इसमें शामिल होती हैं। नेशनल हेल्थ सर्विस के दो एक्सपर्ट हर मैमोग्राम (ब्रेस्ट कैंसर की जांच का एक्स-रे) को देखते हैं, लेकिन इस ट्रायल में इनमें से एक की जगह एआई आधारित तकनीक लेगी। ट्रायल के एक हिस्से में एआई प्रोग्राम एनएचएस एक्सपर्ट्स को भेजे जाने से पहले इमेज को ग्रेड करेगा, जबकि दूसरे हिस्से में यह बाद में इमेज की समीक्षा करेगा।
रिसर्चरों का कहना है कि मशीन-लर्निंग सॉफ्टवेयर को लाखों पुरानी इमेज पर प्रशिक्षित करके पैटर्न का पता लगाया जा सकता है, जिससे ब्रेस्ट टिश्यू में ऐसे बारीक बदलाव भी पहचाने जा सकते हैं जो इंसानी आंखों से छूट सकते हैं। हालांकि, उनका यह भी कहना है कि यह सुनिश्चित करना होगा कि एआई की वजह से महिलाओं को अनावश्यक रूप से आगे की जांच के लिए दोबारा न बुलाया जाए और उन्हें किसी तरह का नुकसान न पहुंचे। ट्रायल की को-हेड रिसर्चर प्रोफेसर सियान टेलर-फिलिप्स ने कहा कि एआई से शुरुआती स्टेज में कैंसर का पता लगाने की क्षमता बेहतर हो सकती है, लेकिन ऐसी हल्की बीमारी का जरूरत से ज्यादा पता लगाने से बचना चाहिए जिससे कभी कोई लक्षण पैदा ही नहीं होता।
ब्रिटेन में महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर सबसे आम है और वहां हर साल इसके लगभग 59,000 नए मामले सामने आते हैं। इनमें से लगभग एक-तिहाई मामलों का पता रूटीन मैमोग्राम से चलता है, आमतौर पर शुरुआती स्टेज में जब इलाज ज्यादा आसान होता है। अनुमान है कि स्क्रीनिंग प्रोग्राम से हर साल लगभग 1,300 मौतें रोकने में मदद मिलती है। एक करोड़ पाउंड के इस ट्रायल को नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ एंड केयर रिसर्च (एनआईएचआर) ने फंड किया है। वारविक यूनिवर्सिटी, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स और एनएचएस फाउंडेशन ट्रस्ट इसे नेशनल हेल्थ सर्विस इंग्लैंड के साथ मिलकर कर रहे हैं। महिलाओं को नियमित जांच का न्योता मिलने पर इस स्टडी की जानकारी दी जाएगी, लेकिन इसमें शामिल होना उनके लिए अनिवार्य नहीं होगा।
