देश के ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट तक पहुंच तेजी से बढ़ी है, लेकिन बुनियादी डिजिटल कौशल अभी भी कई युवाओं के पास नहीं है। पंचायती राज संस्थाओं को वित्त पर रिजर्व बैंक की एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 83 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों के घर में इंटरनेट की सुविधा है, फिर भी 15 से 29 साल के करीब 40 फीसदी ग्रामीण युवा ई-मेल का इस्तेमाल नहीं कर पाते। यह डिजिटल सुविधाओं के उपयोग में बड़ी खाई को दर्शाता है।

रिपोर्ट में ग्रामीण युवाओं की डिजिटल क्षमता से जुड़े सर्वेक्षण के हवाले से बताया गया है कि 93 प्रतिशत युवाओं ने इंटरनेट तक पहुंच होने की जानकारी दी। करीब 83 प्रतिशत युवा डिजिटल दस्तावेजों को संपादित कर सकते हैं, लेकिन ईमेल इस्तेमाल करने की क्षमता रखने वालों की हिस्सेदारी महज 60 प्रतिशत है। राष्ट्रीय स्तर पर करीब 94 प्रतिशत गांवों में मोबाइल कनेक्टिविटी है, जबकि 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 76 प्रतिशत वयस्कों के पास स्मार्टफोन है, पर वे उसका पूरा लाभ नहीं उठा पा रहे।

ऑनलाइन खरीदारी करने वालों में 75 प्रतिशत से अधिक ने गैर-खाद्य वस्तुएं खरीदने की जानकारी दी है। इससे स्पष्ट है कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बाजार का विस्तार हो रहा है, लेकिन ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग अभी व्यापक जरूरतों तक नहीं पहुंच पाया है। ऑनलाइन बैंकिंग लेनदेन करने में सक्षम लोगों में करीब 87 प्रतिशत यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल करते हैं। गोवा, सिक्किम, मिजोरम, आंध्र प्रदेश, केरल और महाराष्ट्र में यूपीआई तथा नेट बैंकिंग सेवाओं के इस्तेमाल की क्षमता अपेक्षाकृत अधिक दर्ज की गई है।

डिजिटल तरक्की का असर यह है कि ग्राम पंचायत विकास योजनाओं को ऑनलाइन अपलोड करने की दर 99.7 प्रतिशत तक पहुंच गई है और ऑनलाइन व्यय भुगतान की हिस्सेदारी 98.4 प्रतिशत दर्ज की गई है। डिजिटल रूप से अपेक्षाकृत विकसित राज्यों में भी केवल करीब 13 प्रतिशत गांवों में संपत्ति कर और उपयोगकर्ता शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करने की सुविधा उपलब्ध है। करीब 95 प्रतिशत गांवों में भूमि रिकॉर्ड का कंप्यूटरीकरण हो चुका है, लगभग 75 प्रतिशत गांवों में डिजिटल नक्शे उपलब्ध हैं और 95 प्रतिशत गांवों में ड्रोन सर्वेक्षण किया गया है, फिर भी डिजिटल संपत्ति कार्ड तैयार करने का औसत लगभग 50% ही है।