रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने ड्रोन संचार के लिए लेजर आधारित तकनीक विकसित करने की जिम्मेदारी पुणे की डीप-टेक कंपनी ओली स्पेस को दी है। इस तकनीक में उड़ते हुए ड्रोन और जमीन पर मौजूद कंट्रोल स्टेशन के बीच लेजर किरणों के जरिये सूचनाओं का आदान-प्रदान होगा। यह संचार प्रणाली अगले डेढ़ साल में तैयार हो जाएगी। इससे ड्रोन का संपर्क रेडियो सिग्नल पर निर्भर नहीं रहेगा और कंट्रोल स्टेशन से उसे जोड़ने के लिए तार या केबल की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

रूस-यूक्रेन युद्ध में ड्रोन के इस्तेमाल के दौरान इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग बड़ी चुनौती बनकर सामने आई थी। विरोधी पक्ष रेडियो फ्रीक्वेंसी जाम कर संपर्क बाधित कर देता था। इससे निपटने के लिए फाइबर ऑप्टिक केबल से जुड़े ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिनमें जमीन से जुड़ी केबल के जरिए सूचनाओं का आदान-प्रदान होता है और रेडियो जैमिंग का सीधा असर नहीं होता। अब लेजर आधारित संचार तकनीक इसी समस्या का विकल्प बनकर सामने आएगी।

ओली स्पेस जमीन और हवा में इस्तेमाल होने वाले दो ऑप्टिकल टर्मिनल विकसित करेगी, जिनके बीच लेजर किरणों के जरिए संचार होगा। इसे फ्री स्पेस ऑप्टिकल कम्युनिकेशन कहा जाता है, जिसमें रेडियो तरंगों के बजाय प्रकाश के जरिए डेटा भेजा जाता है।

हालांकि चलते हुए ड्रोन के साथ लेजर संचार बनाए रखना काफी चुनौती भरा काम है। हवा में लगातार दिशा बदलते ड्रोन के साथ लेजर संपर्क बनाए रखने के लिए ड्रोन और ग्राउंड स्टेशन के बीच दृश्यता जरूरी होगी। धुंध, बारिश या दूसरे मौसमी हालात इसके प्रदर्शन को प्रभावित कर सकते हैं।