तिहाड़ जेल नंबर 1 के एक वॉर्ड में गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर कथित तौर पर 12 से 18 किलो तंबाकू बरामद किया गया है। जेल प्रशासन ने बरामद खेप को सीज कर दिया है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी बताई जा रही है। तिहाड़ हेडक्वार्टर प्रशासन मामले की जांच के लिए एक कमेटी बना रहा है। जेल सूत्रों के मुताबिक तंबाकू कैदियों के सोने वाले फट्टे के पास छिपाकर रखी गई थी।

जानकारी के अनुसार जिस वॉर्ड से यह बरामदगी हुई, वहां रहने वाले एक कैदी को कुछ समय पहले मंडोली जेल में ट्रांसफर किया गया था। जेल प्रशासन को शक था कि वह कैदी तंबाकू बेचने के धंधे में शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि उसी कैदी ने यह खेप आगे बेचने के लिए किसी दूसरे कैदी को दी होगी।

इस बरामदगी को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जेल प्रशासन खुद यह पता लगाने में लगा है कि तंबाकू का सोर्स क्या है और यह आगे किन वॉर्डों में पहुंचनी थी। बताया जा रहा है कि तिहाड़ जेल में इस तरह के प्रतिबंधित पदार्थ की भारी मांग रहती है।

जांच में सामने आया है कि जेल में कोल्ड ड्रिंक के ढक्कन जितनी तंबाकू की कीमत 500 से 1500 रुपये तक होती है। मुलाकात या अस्पताल में इलाज के लिए जेल से बाहर जाने वाले कुछ कैदी इसे चोरी छुपे शरीर में छिपाकर अंदर लाते हैं और फिर धीरे-धीरे जमा करके ऊंची कीमत पर बेचा जाता है। यह भी पता चला है कि स्कैनर में पकड़े जाने से बचने के लिए तंबाकू को कार्बन पेपर के अंदर रखकर लाया जाता है।