सूरत के लिंबायत क्षेत्र स्थित नीलगिरी ग्राउंड के पास देर रात पुलिस और एक संदिग्ध के बीच हाफ एनकाउंटर की घटना सामने आई। लिंबायत पुलिस थाने के इंस्पेक्टर डीडी चौहान के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी, तभी नीलगिरी ग्राउंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिसकर्मियों को देखकर भागने लगा। उसके व्यवहार को संदिग्ध मानते हुए टीम ने उसका पीछा किया। कांस्टेबल अनिल कुमार अमर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी जेब से चाकू निकालकर कांस्टेबल पर वार कर दिया। इसी दौरान इंस्पेक्टर और टीम के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को बार-बार चाकू फेंककर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने पहले हवा में एक राउंड फायरिंग की। बावजूद इसके, जब वह काबू में नहीं आया तो पुलिस ने उसके पैर में गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जबकि चाकू के हमले में घायल पुलिस कांस्टेबल का लिंबायत स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान परवेज मुशर्रफ अंसारी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में लिंबायत क्षेत्र का निवासी है और मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में कबूल किया है कि बीती रात महिधरपुरा, वराछा और कतारगाम क्षेत्रों में हुई लूट की घटनाओं को उसने अपने साथी गुड्डू उर्फ लक्ष्मण के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट का कुछ सामान भी बरामद किया है और मामले की आगे की तहकीकात जारी है।