देश में 50 साल और उससे अधिक उम्र के करीब 17.7 प्रतिशत लोगों में एक से ज्यादा पुरानी बीमारियां पाई गई हैं। यह जानकारी छह राज्यों के 6,719 लोगों के स्वास्थ्य आंकड़ों पर आधारित एक नए अध्ययन में सामने आई है। अध्ययन विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएजीई इंडिया वेव-3 सर्वेक्षण के आंकड़ों पर आधारित है, जो असम, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में किया गया था। इसमें 50 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों को शामिल किया गया।
अध्ययन के अनुसार, इस आयु वर्ग में हाई ब्लड प्रेशर सबसे आम बीमारी रही, जो 29 प्रतिशत लोगों में पहचानी गई। वहीं, 12.9 प्रतिशत लोगों को गठिया की समस्या थी। शोधकर्ताओं ने दो या उससे अधिक पहचानी गई पुरानी बीमारियों को एक साथ मौजूद होने की स्थिति यानी मल्टीमॉर्बिडिटी माना है। इसका मतलब है कि मरीज को केवल एक बीमारी का इलाज नहीं कराना पड़ता, बल्कि उसे एक साथ कई स्वास्थ्य समस्याओं के लिए जांच, दवाओं और नियमित चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत हो सकती है। ऐसी स्थिति में इलाज का तालमेल और दवाओं का सही इस्तेमाल भी महत्वपूर्ण हो जाता है।
राज्यों के बीच भी बड़ा अंतर दिखा। कर्नाटक में 29.9 फीसदी लोगों को एक से अधिक पुरानी बीमारियां थीं, जबकि असम में यह आंकड़ा 27.8 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 25.9 फीसदी रहा। राजस्थान में 17.5 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 12.6 फीसदी और महाराष्ट्र में 11.5 फीसदी लोगों में मल्टीमॉर्बिडिटी दर्ज की गई।
शोध के आधार पर विशेषज्ञों का कहना है कि ये बीमारियां सिर्फ धूम्रपान, तंबाकू, शराब, शारीरिक गतिविधि और खानपान जैसे जीवनशैली से जुड़े जोखिमों से नहीं जुड़ी हैं। उम्र, आर्थिक स्थिति, अनुसूचित जनजाति से जुड़ी सामाजिक स्थिति और राज्य के आधार पर बीमारियों की मौजूदगी में अंतर मिला। विशेषज्ञों के अनुसार, 50 साल से ज्यादा उम्र के बाद ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और हृदय की नियमित जांच कराना जरूरी है। इसके साथ ही संतुलित आहार, रोजाना कम से कम 20-30 मिनट की शारीरिक गतिविधि और तनाव प्रबंधन से उम्र संबंधी बीमारियों के खतरे को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।