मणिपुर के चंदेल जिले में 18 नवंबर को जहरीली शराब पीने के बाद कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 300 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, मरीज मुख्य रूप से पहाड़ी जिले के चकपिकारोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं, जिन्हें इंफाल के जेएनआईएमएस, आरआईएमएस, शिजा और बबीना अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात 9 बजे तक 13 लोगों की मौत की खबर है, जबकि मेथनॉल पॉइजनिंग के शक में 346 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार दोपहर शिजा और बबीना अस्पताल का दौरा कर हालात का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि शिजा अस्पताल में 140 से ज्यादा और बबीना अस्पताल में 41 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं, जबकि पिछले 48 घंटों में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। उन्होंने बताया कि जनरल मेडिसिन के विशेषज्ञ के नेतृत्व में एक मेडिकल टीम जरूरी दवाओं के साथ चंदेल भेजी गई है और सरकार मामले की जांच कराकर दोषियों को सजा दिलाएगी।
चंदेल जिला प्रशासन ने आपातकालीन उपाय तेज कर दिए हैं और स्थिति की निगरानी के लिए एक टीम गठित की गई है। जिले में चार रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात की गई हैं, जिनके पास पर्याप्त दवाएं और ऑक्सीजन की आपूर्ति मौजूद है। शिजा अस्पताल के संयुक्त प्रबंध निदेशक चेतन के. ने बताया कि भर्ती मरीजों में चक्कर आना और पेट दर्द जैसी समस्याएं देखी गई हैं, और कुछ मरीजों का हीमोडायलिसिस भी किया जा रहा है।
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, यह संदिग्ध जहरीली शराब काकचिंग जिले के सुग्नू से खरीदी गई थी। शिजा अस्पताल ने बताया कि मेथनॉल पॉइजनिंग के कारण अब तक 312 से ज्यादा मरीजों का इलाज किया गया है। चंदेल निर्वाचन क्षेत्र की विधायक एसएस ओलिष ने कहा कि और मरीजों को इंफाल लाने की व्यवस्था की जा रही है। इधर, बिष्णुपुर, सेनापति, काकचिंग और थौबल जिला प्रशासनों ने अलग-अलग सार्वजनिक परामर्श जारी कर लोगों से स्थानीय स्तर पर बनी शराब या संदिग्ध और बिना पुष्टि वाले स्रोतों से आए नशीले पेय पदार्थों का सेवन न करने की अपील की है।