कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके। यह बात उन्होंने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के सिलसिले में बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ हुई बातचीत में कही। सोनिया गांधी ने यह वीडियो एक्स पर साझा किया।

सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के उस दौरे को याद किया, जब वह लोकसभा में विपक्ष के नेता थे। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी खुले जीप में सफर करते थे और इस दौरान उन पर पत्थर फेंके गए थे। कई जगह विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। सोनिया गांधी ने कहा कि विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर उन्हें चिंता थी और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले लोग इस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे थे। राहुल भी इन दौरों में अपने पिता के साथ थे और उन्होंने खुद पत्थरबाजी और विरोध प्रदर्शन देखे थे।

सोनिया गांधी के मुताबिक, एक दौरे से लौटने के बाद राहुल ने उनसे चिंता जताई थी। उन्होंने बताया कि बिहार का दौरा उनकी चिंता की आखिरी वजह बना। सोनिया गांधी ने कहा कि राजीव गांधी की सुरक्षा हटाना कोई हादसा नहीं था, यह जानबूझकर किया गया था, ताकि उनकी हत्या हो सके।

राहुल गांधी ने भी यह वीडियो एक्स पर साझा किया। उन्होंने कहा कि किताब में 500 से ज्यादा पन्ने होने के बावजूद उनकी मां ने कुछ बातें नहीं लिखी हैं। उन्होंने 2004 के एक फैसले का जिक्र किया, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका आशय किस फैसले से है। सोनिया गांधी ने बातचीत में भारत में अपने शुरुआती दिनों को भी याद किया और बताया कि 1968 में इटली से भारत आने के बाद यहां जो गरीबी देखी, उसने उन्हें सबसे ज्यादा चौंकाया था।