कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के कथित गलत चित्रण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सावरकर के प्रपौत्र सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजकर बिना शर्त माफी मांगने, स्पष्टीकरण देने और किताब में संबंधित टिप्पणियों को सुधारने की मांग की है। अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर की ओर से भेजे गए इस नोटिस में सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के पेज 201 और 443 पर लिखी बातों पर आपत्ति जताई गई है। नोटिस में इन टिप्पणियों को तथ्यात्मक रूप से गलत, ऐतिहासिक संदर्भों के लिहाज से भ्रामक और सावरकर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है।

नोटिस के मुताबिक, सत्यकी सावरकर को हाल ही में हार्परकॉलिन्स पब्लिशर्स इंडिया की ओर से प्रकाशित यह किताब मिली थी। इसका प्रकाशन कथित तौर पर 10 नवंबर को हुआ था। किताब में सावरकर से संबंधित टिप्पणियों को पढ़ने के बाद उन्होंने कानूनी नोटिस भेजा। पेज 201 पर लिखे अंश पर आपत्ति जताते हुए नोटिस में कहा गया है कि इससे यह धारणा बनती है कि सावरकर अंग्रेजों के लिए भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ मुखबिरी करने या उनके साथ सहयोग करने से जुड़े थे। नोटिस में इस आरोप को ऐतिहासिक संदर्भों से परे और निराधार बताया गया है। इसमें कहा गया है कि सावरकर ने ब्रिटिश शासन के दौरान लंबे समय तक जेल में यातनाएं और कठिन परिस्थितियां झेलीं और उन्हें अंडमान स्थित सेल्युलर जेल में भी कैद रखा गया था।

नोटिस में किताब के पेज 443 पर लिखी टिप्पणी को भी चुनौती दी गई है, जिसमें सावरकर को हिंदुत्व विचारधारा का संस्थापक बताते हुए उनके नजरिये को ऐसे भारत की परिकल्पना के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जहां हिंदुओं का वर्चस्व हो। सत्यकी सावरकर ने इस चित्रण को उनकी राजनीतिक और वैचारिक सोच का सरलीकरण तथा गलत प्रस्तुति बताया है। नोटिस में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार की ओर से सावरकर के देशभक्त और स्वतंत्रता सेनानी के रूप में सम्मान की आधिकारिक मान्यता से जुड़े कार्यों का भी हवाला दिया गया है।

सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी से दोनों टिप्पणियों के लिए लिखित, स्पष्ट और बिना शर्त माफी मांगने के साथ ही इनके ऐतिहासिक आधार, संदर्भ और आशय को स्पष्ट करने तथा तथ्यात्मक गलतियों को सुधारने की मांग की है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि सोनिया गांधी प्रकाशक से बातचीत कर किताब के अगले संस्करणों, दोबारा छपने वाली प्रतियों और इलेक्ट्रॉनिक संस्करणों में आपत्तिजनक टिप्पणियों को सुधारने, उचित संदर्भ जोड़ने या हटाने के लिए कदम उठाएं। नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर सत्यकी सावरकर ने सक्षम अदालत या प्राधिकरण के समक्ष उचित कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।