केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के चाय बागानों में काम करने वाले हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण पर 312 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दार्जिलिंग के कुर्सियांग में चाय उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में प्रधानमंत्री चाय श्रमिक प्रोत्साहन योजना का लाभ राज्य के श्रमिकों तक नहीं पहुंच पाया। गोयल के मुताबिक, अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में श्रमिकों के कल्याण के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
सरकार का लक्ष्य इस राशि से श्रमिक परिवारों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनका जीवन स्तर सुधारना है। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे। हालांकि, राशि के इस्तेमाल, योजना को लागू करने का तरीका और कितने श्रमिक परिवारों को लाभ मिलेगा, इसका विस्तृत ब्योरा अभी सामने आना बाकी है।
बैठक में दार्जिलिंग चाय की घटती प्रतिस्पर्धा और उसकी पुरानी अंतरराष्ट्रीय पहचान बहाल करने पर भी चर्चा हुई। केंद्र सरकार एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन के तहत चाय की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा देगी। इसके अलावा प्रीमियम चाय का उत्पादन बढ़ाने, जीआई टैग की पहचान सुरक्षित रखने, पुरानी चाय की झाड़ियों को दोबारा विकसित करने और नए शोध पर जोर दिया जाएगा।
गोयल ने चाय उद्योग में तकनीक और नए प्रयोगों को बढ़ावा देने की जरूरत बताई और स्टार्टअप तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने पर जोर दिया। माचा चाय के उत्पादन और प्रसंस्करण की संभावनाओं पर शोध को भी प्रोत्साहित करने की बात कही गई। बैठक में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट, कुर्सियांग के विधायक सोनम लामा, चाय बोर्ड के प्रतिनिधि और उद्योग से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।