वेलिंगटन के बेसिन रिज़र्व मैदान पर गुरुवार को भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पहला टेस्ट शुरू हुआ। भारतीय टीम ने चार तेज़ गेंदबाज़ों के साथ मैदान में उतरने का फ़ैसला किया, जिनमें जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं। वॉशिंगटन सुंदर को स्पिन ऑलराउंडर के रूप में टीम में रखा गया। हैमस्ट्रिंग की चोट के बाद प्रसिद्ध न्यूज़ीलैंड पहुंचे थे, लेकिन मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। इसी दौरे पर क्राइस्टचर्च में इंडिया ए और न्यूज़ीलैंड ए के बीच खेले गए टेस्ट में सिराज ने एक पारी में 118 रन देकर 4 विकेट लिए थे। टॉस के समय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि सिराज और गुरनूर बराड़ दोनों को बाहर रखना बहुत मुश्किल था।

सिराज को बाहर बिठाए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने सोनी स्पोर्ट्स पर चर्चा के दौरान कहा कि जब सिराज टेस्ट टीम के साथ जल्दी नहीं जुड़े थे तभी संकेत मिल गए थे। उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है और उन्हें नहीं लगता कि सिराज ने भारत को कभी निराश किया है। गावस्कर ने कहा कि सिराज की लय अच्छी है और उनकी गेंदबाज़ी में कुछ भी ग़लत नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध कृष्णा, अंशुल कंबोज और आकाश दीप ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट खेलना शुरू किया है, जबकि सिराज टीम के सबसे अनुभवी गेंदबाज़ों में से एक हैं और उपलब्ध भी थे।

पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री ने भी सिराज को बाहर बिठाने पर आश्चर्य जताया। उन्होंने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण मैच है और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अहम मुकाबले में सिराज को बाहर रखना समझ से परे है। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर वसीम जाफ़र ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि न्यूज़ीलैंड के बाएं हाथ के बल्लेबाज़ों को देखते हुए जडेजा की जगह वॉशिंगटन सुंदर को चुनना समझ में आता है, लेकिन सिराज को टीम से बाहर रखना हैरान करने वाला है। उन्होंने कहा कि जिस खिलाड़ी ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सिरीज़ बराबर कराई और मौजूदा साइकल में भारत के लिए सबसे ज़्यादा विकेट लिए, उसे अनुकूल परिस्थितियों में भी जगह नहीं मिली। कमेंटेटर हर्षा भोगले ने एक्स पर लिखा कि यह देखकर हैरानी और निराशा हुई। उन्होंने कहा कि सिराज ने टीम के लिए जो भी ज़िम्मेदारी दी गई, उसे बख़ूबी निभाया है और बुमराह की गैरमौजूदगी में गेंदबाज़ी आक्रमण को संभाला है।

पहले टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी। एक समय न्यूज़ीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर महज 70 रन था, लेकिन शुरुआती झटकों से उबरते हुए उसने पहले दिन पांच विकेट पर 243 रन बना लिए। हेनरी निकोलस 113 रन बनाकर और ग्लेन फ़िलिप्स 94 रन बनाकर नॉट आउट हैं। जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए, जबकि आकाश दीप और अंशुल कंबोज ने एक-एक विकेट झटका। सोशल मीडिया पर भी कई यूजर्स ने टीम मैनेजमेंट के फ़ैसले पर नाराजगी जताई है।