भारतीय वायुसेना ने बृहस्पतिवार को गुजरात में एक बड़े अभ्यास के दौरान अपनी हवाई ताकत और आपदा राहत क्षमताओं का प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बहुराष्ट्रीय मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास 'सहायता सेतु 2026' का हिस्सा था, जो 17 से 19 नवंबर तक जामनगर एयर फोर्स स्टेशन पर आयोजित किया जा रहा है। इस बहु-एजेंसी प्रदर्शन में थल सेना, नौसेना, वायुसेना, भारतीय तटरक्षक बल, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसियों, नागरिक प्रशासन और मित्र देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

अभ्यास में आपदा जैसी स्थिति का अनुकरण किया गया, जिसमें शामिल एजेंसियों ने प्रभावित क्षेत्र की हवाई निगरानी और आकलन से लेकर राहत एवं बचाव कार्यों के विभिन्न चरणों का प्रदर्शन किया। वायुसेना ने जगुआर लड़ाकू विमान, सी-130जे सुपर हरक्यूलिस परिवहन विमान, एमआई-17 हेलिकॉप्टर और रिमोटली पायलटेड क्वाडकॉप्टर तैनात किए। तीनों सेनाओं द्वारा संचालित एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (एएलएच) मार्क-IV के अलावा नौसेना के डोर्नियर विमान और थल सेना के एएलएच तथा चीता हेलिकॉप्टर भी अभ्यास में शामिल हुए। एमआई-17 वी5 हेलिकॉप्टर ने आग बुझाने के लिए पानी से भरी बकेट का इस्तेमाल किया, जिसमें अग्निशमन रोबोट ने सहयोग किया। एक अन्य एमआई-17 1बी हेलिकॉप्टर ने थल सेना के वाहन को एयरलिफ्ट करके दिखाया, जबकि चिनूक हेवी-लिफ्ट हेलिकॉप्टर ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुल के हिस्सों सहित विभिन्न संरचनाओं को पहुंचाने की क्षमता का प्रदर्शन किया।

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बृहस्पतिवार को कहा कि मानवीय सहायता और आपदा राहत भारत की मानव सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं और इसके लिए कई एजेंसियों के बीच समन्वित प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा, 'आज की आपदा संभावित दुनिया में प्रभावी प्रतिक्रिया किसी एक एजेंसी की क्षमता नहीं है। इसके लिए पूरे देश के समन्वित प्रयास की जरूरत है।' उन्होंने कहा कि भारत के आपदा राहत प्रयास 'पड़ोसी प्रथम' नीति और 'महासागर' के व्यापक वैश्विक समुद्री दृष्टिकोण से निर्देशित होते हैं तथा भारत हिंद महासागर क्षेत्र और हिंद-प्रशांत में एक भरोसेमंद प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता के रूप में उभरा है। उन्होंने तुर्किये में 'ऑपरेशन दोस्त' और म्यांमार में 'ऑपरेशन ब्रह्मा' का उदाहरण देते हुए भारत के मानवीय सहायता अभियानों का उल्लेख किया और सामूहिक तैयारी के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आपदाएं भौगोलिक सीमाओं को नहीं पहचानतीं, इसलिए प्रतिक्रिया भी इन सीमाओं से परे होनी चाहिए।

बहुराष्ट्रीय अभ्यास एजेएचई-26 का उद्देश्य बड़ी आपदाओं से निपटने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल, परिचालन संबंधी समन्वय और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना है। इस अभ्यास में चक्रवात, भूकंप, बाढ़ और रासायनिक आपात स्थितियों जैसी बड़ी आपदाओं से निपटने की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।