नब्बे के दशक की फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी निजी ज़िंदगी के मुश्किल दौर की वजह से सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे बेहद कमज़ोर और परेशान नज़र आ रहे हैं। इस वीडियो से यह ज़ाहिर हो रहा है कि उन्हें अपने चार पालतू कुत्तों को, जिन्हें वे अपने बच्चों की तरह मानते हैं, कुछ समय के लिए एक एनिमल शेल्टर में भेजना पड़ा है। वीडियो सामने आने के बाद उनकी आर्थिक और मानसिक मुश्किलों को लेकर पिछले कुछ दिनों में काफी चर्चा हो रही है।

कोलकाता के एक पंजाबी परिवार में जन्मे शरद कपूर का फिल्म इंडस्ट्री से शुरुआत में कोई वास्ता नहीं था, लेकिन फिल्मों के प्रति उनका शौक़ उन्हें मुंबई ले आया। शुरुआती दौर में उन्होंने कई साल तक निर्देशक शशिलाल नायर और सुनील सिकंद के सहायक निर्देशक के रूप में काम किया। संघर्ष से घबराकर वे एक बार कोलकाता लौट गए थे, मगर 1994 में कुछ बनने की इरादे से मुंबई वापस आ गए। महेश भट्ट के निर्देशन में बने दूरदर्शन धारावाहिक 'स्वाभिमान' में 'ग्रोवर' के किरदार से उन्हें पहचान मिली।

महेश भट्ट ने उन पर दांव खेला और 1996 में आई फिल्म 'दस्तक' में सुष्मिता सेन के साथ एक जुनूनी खलनायक का रोल उन्हें मिला। फिल्म का संगीत हिट हुआ, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली। समीक्षकों ने फिल्म में शरद के अभिनय की तारीफ की, मगर इसका सबसे बड़ा फायदा सुष्मिता सेन को मिला। इसके बाद 'विश्वविधाता', 'आंखों में तुम हो', 'इसकी टोपी उसके सर' और 'त्रिशक्ति' जैसी फिल्में नाकाम रहीं।

शरद के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में मंसूर खान की 'जोश' (2000) मानी जाती है, जिसमें शाहरुख़ खान हीरो थे और शरद विलेन के रूप में थे। पर्दे पर दोनों के टकराव की खूब चर्चा हुई, लेकिन उस वक्त बॉलीवुड में शाहरुख़ बनाम ऋतिक रोशन की चर्चा सुर्खियों में थी। 'जोश' ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की। इस तरह चालीस से ज़्यादा फिल्मों में काम करने के बावजूद शरद कपूर बड़े स्टार के रूप में स्थापित नहीं हो सके।