शिवसेना नेता शायना एनसी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अनजाने में बाल ठाकरे की तस्वीर वाला कागज फाड़ दिया था, जिससे विवाद खड़ा हो गया। गुरुवार को उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर इस हरकत के लिए माफी मांगी और कहा कि अगर अनजाने में सच्चे शिव सैनिकों या बालासाहेब के प्रशंसकों की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे दिल से माफी मांगती हैं। उन्होंने बताया कि बालासाहेब उनके पिता के सबसे करीबी दोस्त थे और उनके परिवार के साथ उनका गहरा रिश्ता था। शायना ने ठाकरे को अद्वितीय नेता बताते हुए कहा कि उनके विचारों की स्पष्टता और जुनून ने उन्हें हमेशा प्रेरित किया है। उन्होंने अपनी शादी के दौरान की तस्वीरें भी साझा कीं।
बुधवार को सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर पर की गई टिप्पणी के विरोध में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी, जिसमें पार्टी नेताओं ने किताब की प्रतियां फाड़ीं। इस दौरान शायना ने अनजाने में बालासाहेब की तस्वीर वाला कागज फाड़ दिया, जिसमें ठाकरे पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर के पुतले पर थप्पड़ मारते दिख रहे थे। गलती का पता चलने पर वे चौंक गईं और उन्होंने माफी कहते हुए आंशिक रूप से फटा कागज वापस मेज पर रख दिया।
विपक्षी दलों ने इस कदम की निंदा की, जिसमें उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) भी शामिल है। गुरुवार को मुंबई में सेना भवन के बाहर महिलाओं समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शायना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने भी शायना के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।