रांची की पॉक्सो विशेष अदालत ने जन्म से नेत्रहीन बेटी के यौन शोषण और जबरन गर्भपात कराने के मामले में शुक्रवार को पिता और मां को दोषी करार दिया है। विशेष न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने दोनों दोषियों की सजा पर सुनवाई के लिए 30 नवंबर की तारीख तय की है। सुनवाई के दौरान दोनों को जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया।
यह मामला रांची के बरियातू थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पीड़िता की शिकायत पर एक जुलाई 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसके पिता और भाइयों ने कई वर्षों तक उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। उसके बाद मां ने कांके के बोड़िया स्थित चंद्रा अस्पताल में उसका गर्भपात करा दिया था।
पुलिस ने मामले की जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल की थी। अदालत ने साक्ष्य और गवाहों के परीक्षण के बाद पिता और मां को दोषी ठहराया। मामले में भाई नाबालिग होने के कारण उसके खिलाफ सुनवाई चिल्ड्रेन कोर्ट में चल रही है।
