संवादी की ओर से लखनऊ के मालवीय सभागार में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें कवियों ने प्रेम, देशप्रेम और प्रेरणा से जुड़ी अपनी रचनाएं सुनाईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने इसे पिछले 10 वर्षों की सर्वश्रेष्ठ कवि गोष्ठी बताया।
गोष्ठी की शुरुआत गोपालगंज के सर्वेश तिवारी की रचनाओं से हुई। उन्होंने धर्म और प्रेम पर अपनी पंक्तियां सुनाईं। युवा कवि रामायणधर द्विवेदी ने प्रेरणा और ऊर्जा से भरी रचनाएं प्रस्तुत कीं। वीर रस के कवि जगदीप शुक्ल अंचल ने युवाओं के जोश को बढ़ाने वाली पंक्तियां सुनाईं।
गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को बांधे रखा। उन्होंने प्रेम और जीवन पर आधारित गीत सुनाए। कवयित्री अनामिका अंबर ने अपनी रचनाओं से काव्य प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया। उनके कटाक्ष और व्यंग्य भी श्रोताओं को हंसाते रहे।
कार्यक्रम का संचालन कवि अजहर इकबाल ने किया। उन्होंने भी अपनी रचनाएं सुनाईं। कवियों की रचनाओं पर तालियां गूंजती रहीं और श्रोताओं ने रचनाएं दोबारा सुनाने की गुजारिश की।
