राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बेहतर प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी ने राज्य की जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरा करने की जिम्मेदारी अब पार्टी की है। राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह जवाब भाजपा शासित राज्य की ओर से आया है, वह भी सीधे 'डबल इंजन' को। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मनरेगा पर हमला किया, किसानों को घाटे में डुबोया और पंचायतों के अधिकार छीने। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और पलायन से गांव सूने हुए और अब गांव ने बोल दिया है।

कांग्रेस सांसद और मीडिया विभाग के प्रभारी पवन खेड़ा ने भी चुनाव नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि राज्य की 4,958 पंचायत सीटों में से भाजपा को केवल 1,512 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस करीब 2,463 सीटों पर विजयी रही। खेड़ा ने कहा कि पहले राजस्थान में 352 पंचायत समितियां थीं और तब भाजपा 129 पर जीती थी, अब समितियों की संख्या 457 हो गई है, लेकिन भाजपा केवल 69 पर सिमट गई, जबकि कांग्रेस ने 264 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की।

चुनाव नतीजों के मुताबिक प्रदेश के 37 जिलों के कुल 7,543 समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस 3,558 सीटों पर जीती है, जबकि भाजपा को केवल 2,122 सीटों पर सफलता मिली है। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार 37 में से 30 जिलों में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा सीटें हासिल की हैं, वहीं भाजपा चार जिलों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

जिला परिषद चुनाव में भी कांग्रेस ने भाजपा को मात दी है। 37 जिलों की कुल 1,275 सीटों में से कांग्रेस ने 368 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा के हाथ केवल 208 सीटें लगी हैं। हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 25 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। भारत आदिवासी पार्टी को 8, माकपा को 5, बीएसपी को 3 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 6 सीटें मिली हैं।