प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की 100वीं वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश-विदेश के उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के 1930 के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के संदेश को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि 100 साल बाद भी देश को उसी संदेश पर चलने की जरूरत है।

पीएम मोदी ने उद्योग जगत को भरोसा दिलाया कि यह पुरानी सरकार नहीं, बल्कि दोस्तों की सरकार है, जो दोस्ती निभाना जानती है। उन्होंने उद्योगपतियों से बेझिझक लिखकर बताने को कहा कि अभी और क्या सुधार किए जाने चाहिए। फार्मास्युटिकल क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, फिर भी देश हर साल अरबों डॉलर के एपीआई, बल्क ड्रग्स और ड्रग इंटरमीडिएट्स का आयात करता है। ऐसे सैकड़ों क्षेत्र हैं जहां आयात पर निर्भरता बनी हुई है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने और विदेशी बाजारों की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने की भी अपील की।

अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। कर सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योग जगत, धन सृजन करने वालों और करदाताओं का सम्मान करके तरक्की की राह पर चलती है। उन्होंने बताया कि मूल कॉर्पोरेट टैक्स की दर 2014 के 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत की गई है और अब 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स नहीं लगता। टैक्स रिफंड पहले आठ महीने में मिलता था, अब एक हफ्ते के भीतर मिल जाता है।

पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से कहा कि 140 करोड़ भारतीयों को निश्चित बाजार मानकर हल्के में न लें और देश के लोगों को भी निर्यात स्तर की गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सोच बदलनी चाहिए कि अच्छी गुणवत्ता का उत्पाद सिर्फ निर्यात के लिए है। उन्होंने उद्योग जगत से कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों से मिले अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि अक्तूबर में भारत का वस्तु निर्यात करीब 50 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक आंकड़ा है।