प्यू रिसर्च सेंटर के एक नए अध्ययन के मुताबिक़, 2070 तक भारत में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79 फ़ीसदी से घटकर 76 फ़ीसदी रह जाएगी, जबकि मुसलमानों की हिस्सेदारी 15 फ़ीसदी से बढ़कर 20 फ़ीसदी हो जाएगी। अध्ययन में 201 देशों के आंकड़ों के आधार पर 2020 से 2070 के बीच सात धार्मिक समूहों की आबादी का अनुमान लगाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस बदलाव की मुख्य वजह उम्र और प्रजनन दर में अंतर है। 2020 में भारतीय मुसलमानों की औसत उम्र 24 साल थी, जबकि हिंदुओं की औसत उम्र 29 साल थी। प्यू के अनुमान के मुताबिक़, 2025 से 2030 के बीच मुस्लिम महिलाएं औसतन 2.3 बच्चे पैदा करेंगी, जबकि हिंदू महिलाओं में यह आंकड़ा 1.8 होगा। अध्ययन में यह भी कहा गया है कि 2020 से 2070 के बीच भारत में हिंदुओं की आबादी 17.6 करोड़ बढ़ने की उम्मीद है और कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी तीन-चौथाई से ज़्यादा बनी रहेगी।
प्यू रिसर्च सेंटर की स्टेफ़नी क्रेमर ने बीबीसी को बताया कि भारत में धार्मिक बदलाव की मुख्य वजह हिंदुओं और मुसलमानों के बीच लंबे समय से चला आ रहा जनसांख्यिकीय अंतर है। उन्होंने कहा कि प्रजनन दर का यह अंतर काफ़ी कम हुआ है और आगे भी कम होते रहने की संभावना है। प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के भारतीय जनसांख्यिकी विशेषज्ञ केएस जेम्स ने बीबीसी को बताया कि ये अनुमान हैरान करने वाले नहीं हैं और सभी धार्मिक समुदायों में प्रजनन दर घट रही है।
अध्ययन के मुताबिक़, 2070 तक पाकिस्तान में मुसलमानों की आबादी बढ़कर अनुमानित 46.1 करोड़ हो जाएगी और वह इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया में सबसे ज़्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा। भारत लगभग 33.4 करोड़ मुसलमानों के साथ दूसरे स्थान पर रहेगा, जबकि बांग्लादेश में यह आबादी बढ़कर 21.8 करोड़ हो जाएगी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत और नेपाल दुनिया के ऐसे दो देश बने रहेंगे जहां हिंदू बहुसंख्यक हैं। जनसांख्यिकी विशेषज्ञों के मुताबिक़, इन अनुमानों से भारत में बड़े पैमाने पर धर्म परिवर्तन या आबादी में नाटकीय बदलाव के दावों को समर्थन नहीं मिलता।
