शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले सभ्यता संवाद मंच में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक राजनीति तेजी से बदल रही है और ऐसे में सबसे आसान रास्ता उन मुद्दों पर बातचीत करना है, जो सभी को प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृति और सभ्यताओं पर चर्चा होनी चाहिए और यह भी समझना चाहिए कि इन सभ्यताओं ने सबको किस तरह प्रभावित किया है। मलिक ने इस पहल का स्वागत करते हुए एससीओ का आभार जताया और कहा कि ऐसे मंच क्षेत्र के सभी देशों को एक साथ आने का अवसर देते हैं, जहां सीमाओं से आगे के विचारों पर बात हो सकती है।

सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत की चिंता पर पूछे गए सवाल के जवाब में पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि अगले दिन जब वह अपना बयान देंगे, तब इस पर काफी बातचीत होगी। भारत और पाकिस्तान के बीच सभ्यताओं के पुराने संबंधों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि संवाद अलग-अलग पक्षों के बीच होता है। जहां सब एक जैसे हों, वहां संवाद की जरूरत नहीं होती, वहां सिर्फ एकतरफा बात होती है। उनके अनुसार संवाद विविधता के बारे में होता है।

मलिक ने कहा कि भारत, पाकिस्तान, रूस, चीन और मध्य एशियाई देशों के बीच खुदाई में मिले पुराने अवशेषों में भी संवाद के प्रमाण मिलते हैं। उन्होंने इसे बहुत अच्छी और स्वागत योग्य पहल बताया।

इस मंच के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार के सवाल पर पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी देशों के संबंध बेहतर होंगे, क्योंकि इस क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और वैश्विक राजनीति की बुनियाद बदल रही है। उन्होंने कहा कि वे बड़े नजरिये से चीजों को देखेंगे, जिसमें सभी राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर बातचीत के साथ पूरे क्षेत्र के एजेंडे को आगे बढ़ाया जाएगा।