पटना के बाहरी इलाके में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन ब्रिज का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उद्घाटन कर रहे हैं। इस पुल को 'नीतीश सेतु' नाम दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, 9.76 किलोमीटर लंबा यह पुल वैशाली के बिदुपुर ब्लॉक को पटना के बाहरी इलाके में स्थित कच्ची दरगाह से जोड़ता है। उद्घाटन को लेकर बिहार में सियासी हंगामा मचा हुआ है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि यह ब्रिज क़रीब डेढ़ साल से चालू है, लेकिन इसका फिर से उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2015-16 में महागठबंधन सरकार बनने के बाद इस पुल की आधारशिला रखी गई थी और उस समय पीडब्ल्यूडी विभाग उनके पास था। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आग्रह किया गया था कि इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखा जाए। आरजेडी सांसद मीसा भारती ने कहा कि यह पुल क़रीब डेढ़ साल पहले शुरू हो चुका है और लोग इसे राघोपुर 6 लेन पुल के नाम से जानते हैं।
विपक्षी नेताओं ने ब्रिज का नाम बदलने के भी आरोप लगाए हैं। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविन्द सिंह जी के नाम पर जिस पुल का नाम रखने का फ़ैसला लिया गया था, अब उसका नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखने का फ़ैसला हुआ है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार के अनुसार इस पुल का नाम अक्षयवट राय या गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर रखा जाना था, क्योंकि यह गुरु महाराज जी की जन्मस्थली के पास स्थित है।
दूसरी ओर सत्तारूढ़ बीजेपी और जेडीयू ने ब्रिज का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने का स्वागत किया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर तंज़ कसते हुए कहा कि आज बदलता हुआ बिहार है और किन्हीं को तकलीफ़ होती है। जेडीयू सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि उनके बयान पर कोई प्रतिक्रिया देने की ज़रूरत नहीं है। केंद्रीय मंत्री राम नाथ ठाकुर ने इसे एनडीए की उपलब्धि बताया। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने मिलकर इस ब्रिज का नाम रखा है, जो आर्थिक गतिविधियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतन राम मांझी ने भी नामकरण का समर्थन किया है। बता दें कि यह ब्रिज उत्तर-दक्षिण बिहार कनेक्टिविटी को मज़बूत करता है और महात्मा गांधी सेतु तथा हाजीपुर-पटना मार्ग पर जाम का दबाव कम करता है।
