मुंगेर के असरगंज प्रखंड में बदुआ नदी का पानी खेतों तक पहुंचाने वाला खैराती डांड नहर करीब आठ-दस वर्षों से बदहाल है। जलकुंभी, मिट्टी, कचरे और अतिक्रमण के कारण नाले का प्रवाह बाधित हो गया है, जिससे करीब 40 गांवों की सिंचाई ठप है। किसानों को धान, रबी, सरसों और अरहर की खेती के लिए बोरिंग का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे लागत बढ़ रही है और मुनाफा घट रहा है।

स्थानीय किसानों के अनुसार पहले खैराती डांड से असरगंज बस स्टैंड होते हुए रामानंद पारसी राम उच्च विद्यालय के रास्ते बदुआ नदी का पानी खेतों तक पहुंचता था और सिंचाई आसानी से होती थी। अब नाले के कई हिस्से अवरुद्ध होने से पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों ने मुख्यमंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी और लघु सिंचाई विभाग को आवेदन देकर नाले की सफाई, मरम्मत और जलप्रवाह बहाल करने की मांग की है।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि डांड को किसानों के लिए उपयोगी बनाने के लिए लघु सिंचाई विभाग के पदाधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। करीब 15 दिन पूर्व तारापुर लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी खैराती डांड की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। जल्द नाले की सफाई, मरम्मत और अतिक्रमण हटने की उम्मीद है, ताकि बदुआ नदी का पानी फिर खेतों तक पहुंच सके।