बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां में हुई। शादी में लाखों लोग पहुंचे। मोकामा-बख्तियारपुर एनएच 31 से नदवां जाने वाले स्टेट हाईवे 431 पर दोपहर से ही कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें विधायक से लेकर बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार तक फंसे रहे। सड़क पर लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है और लोग गाड़ियों की रोशनी में आगे बढ़ते रहे।
शादी लगभग एक महीने तक चर्चा में रही। घुड़दौड़ प्रतियोगिता, उसमें मिलने वाली थार, चार लाख मेहमानों की बात से लेकर पाकिस्तान तक न्योता भेजने की चर्चा हुई। मुजफ्फरपुर से बाइक से आए अंकित ने कहा कि अंबानी से ज्यादा दादा के यहां की शादी चर्चा में है। कई लोग बाइक, साइकिल, स्केट्स, पैदल और ट्रेन से लंबी यात्रा कर पहुंचे। लखीसराय से आए रूपेश कुमार ने मांग की कि अनंत सिंह का नाम गिनीज बुक में दर्ज होना चाहिए। भीड़ सिर्फ बिहार के जिलों तक सीमित नहीं थी, बल्कि दूसरे प्रदेशों से भी लोग शादी देखने आए।
शादी में कितने लोग आए, इसका पुख्ता अनुमान नहीं है, लेकिन भीड़ लाखों में थी। 2005 से लगातार मोकामा सीट से विधायक अनंत सिंह कभी 30 हजार तो कभी 25 हजार के अंतर से जीते हैं। इस भीड़ के पीछे सोशल मीडिया पर बना हाइप, मीडिया कवरेज, उनके वन-लाइनर, उन पर बनने वाले मीम, शादी का व्यापक न्योता और उनके प्रति एकतरफा मोहब्बत जैसे कारण बताए जाते हैं। आम लोगों के लिए बिहारी शादियों वाला सामान्य खाना ही परोसा गया। भागलपुर से आए सुरेश कुमार ने कहा कि उन्होंने 150 तरह के व्यंजन बनने की बात सुनी थी, लेकिन खाना तक नहीं मिला।
वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान अपने शपथपत्र में अनंत सिंह ने 28 आपराधिक मुकदमों का जिक्र किया था। हत्या, अपहरण, हत्या की कोशिश और धमकी जैसे गंभीर मामलों में उन पर केस दर्ज हैं। शादी के दौरान भी उनका टेंपरामेंट खबरों में रहा। यूट्यूबर्स के साथ-साथ एक नेशनल टीवी चैनल के ब्यूरो रिपोर्टर को उन्होंने धक्का दिया और घुड़दौड़ देखने के लिए हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़े लोगों के लिए अमर्यादित शब्द कहे। मोकामा इलाके में फेसबुक पेज चलाने वाले सुंदरम कुमार के अनुसार, अनंत सिंह पर सिर्फ उनकी जाति के लोगों का ही नहीं, बल्कि पिछड़े समाज से आने वालों का भी भरोसा है और कई बार उनकी छवि रॉबिनहुड की कही जाती है।
