जबलपुर। मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव में नामांकन निरस्त किए जाने के मामले में कांग्रेस नेत्री मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस बीपी शर्मा की एकलपीठ ने जवाब पेश करने के लिए तीन निर्वाचित राज्यसभा सांसदों को अंतिम अवसर दिया है और तीनों पर एक-एक हजार रुपये की कॉस्ट लगाई है। मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर को निर्धारित की गई है।

याचिका के अनुसार, तेलंगाना में लंबित एक आपराधिक मामले को लेकर मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि वहां की जिला अदालत ने एक परिवाद की सुनवाई के दौरान उन्हें नोटिस जारी किए थे। याचिकाकर्ता का कहना है कि चुनाव अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखने के बावजूद उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया, जिसके खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

याचिका में राज्यसभा के लिए निर्वाचित तरुण चुग, रजनीश कुमार अग्रवाल और महेश केवट सहित विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा को पक्षकार बनाया गया है। पिछली सुनवाई में अदालत ने सांसदों को जवाब दाखिल करने का अंतिम अवसर देते हुए स्पष्ट किया था कि निर्धारित अवसर पर जवाब न देने की स्थिति में उनका जवाब पेश करने का अधिकार समाप्त किया जा सकता है।

शुक्रवार को हुई सुनवाई में सांसदों की ओर से उपस्थित अधिवक्ताओं ने जवाब दाखिल करने के लिए और समय मांगा। अदालत ने यह आग्रह स्वीकार करते हुए एक-एक हजार रुपये की कॉस्ट के साथ अंतिम अवसर प्रदान किया। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने याचिका में अनावेदकों की सूची से भारतीय निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के नाम हटाने के आदेश भी दिए। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अजय गुप्ता उपस्थित हुए, जबकि अनावेदक सांसदों की ओर से अधिवक्ता दीपक तिवारी और अन्य ने पक्ष रखा।