गाजियाबाद में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रमुख दलों में टिकट वितरण की हलचल तेज हो गई है। जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर फिलहाल भाजपा का कब्जा है। मथुरा में भाजपा की योजना बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि जिन मौजूदा विधायकों के टिकट काटने की जरूरत हो, उससे परहेज न किया जाए और जिताऊ न होने पर दूसरों को टिकट दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में हारे पूर्व सांसदों को भी टिकट दिया जा सकता है। इससे भाजपा के मौजूदा विधायकों की चिंता बढ़ी हुई है, जबकि विपक्षी दल भी इन सीटों पर सेंध लगाने की तैयारी में जुटे हैं।
गाजियाबाद सदर सीट से पहली बार के विधायक संजीव शर्मा हैं। भाजपा में पिलखुआ नगर पालिका के चेयरमैन विभु बंसल, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और जीडीए बोर्ड मेंबर पवन गोयल टिकट के दावेदार हैं। सपा से अभिषेक गर्ग और पूर्व प्रत्याशी विशाल वर्मा दावेदारी कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से सुशांत गोयल और लोकसभा चुनाव लड़ चुकीं डाली शर्मा भी रेस में हैं। साहिबाबाद सीट पर भाजपा के मौजूदा विधायक और कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा हैं। यहां पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, पप्पू पहलवान, तेजपाल राणा और अंकुर शर्मा भी टिकट की दौड़ में हैं। सपा से पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा और कांग्रेस से शशिभूषण व मांगेराम त्यागी दावेदार हैं।
लोनी सीट पर मौजूदा विधायक नंदकिशोर गुर्जर के सामने पार्टी के भीतर से योगेंद्र मावी, अनिल शर्मा और रामनिवास त्रिपाठी ने दावेदारी पेश की है। विपक्ष की ओर से हाल ही में भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए अनिल कसाना, जाकिर अली और मुखिया गुर्जर भी टिकट की कतार में हैं। लोनी नगर पालिका के चेयरमैन रंजीता धामा के पति मनोज धामा भी चुनाव लड़ेंगे, लेकिन उनका दल अभी तय नहीं है। मोदीनगर से दो बार की विधायक डॉ. मंजू शिवाच के सामने पूर्व विधायक पंडित सुदेश शर्मा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विपिन चौधरी और कृष्णबीर सिंह दावेदार हैं। सपा से जन्मेजय त्यागी, श्रवण त्यागी और देवव्रत धामा टिकट की लाइन में हैं।
मुरादनगर सीट पर एक दशक से भाजपा का कब्जा है, जहां मौजूदा विधायक अजीतपाल त्यागी हैं। भाजपा खेमे से जिला पंचायत अध्यक्ष बसंत त्यागी और ब्रजपाल तेवतिया के नाम उभर रहे हैं। सपा से सुरेंद्र कुमार मुन्नी और मनीषा शर्मा टिकट के लिए प्रयासरत हैं, जबकि बसपा की ओर से पूर्व विधायक और वर्तमान नगरपालिका चेयरमैन वहाब चौधरी के मैदान में उतरने के संकेत से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अब सभी दावेदारों की निगाहें पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं कि वे पुराने दिग्गजों पर भरोसा जताते हैं या नए चेहरों पर दांव खेलते हैं।
