खरगोन के विधायक और पूर्व कृषि राज्यमंत्री बालकृष्ण पाटीदार एक बार फिर अपने अनूठे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। 74 वर्षीय पाटीदार इस बार कार छोड़कर बैलगाड़ी पर सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे और खुद बैलों की कमान संभाली। वे बैलगाड़ी हांकते हुए बिलाली गांव में पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने ढोल-ताशों की गूंज और पुष्पवर्षा के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
मौका बिलाली गांव में यादव धर्मशाला के लोकार्पण और राम मंदिर परिसर में टीनशेड निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम का था। विधायक के बैलगाड़ी से पहुंचने का अंदाज ग्रामीणों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। कार्यक्रम में पाटीदार ने यादव धर्मशाला का लोकार्पण किया और राम मंदिर में टीनशेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
इस दौरान विधायक ने कहा कि धर्मशालाएं केवल भवन नहीं, बल्कि समाज की प्रगति, आपसी सहयोग और सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक होती हैं। इनके माध्यम से सामाजिक गतिविधियों, पारिवारिक आयोजनों और सामूहिक कार्यक्रमों के लिए एक साझा स्थान उपलब्ध होता है।
पाटीदार की पहचान क्षेत्र में धर्मशालाओं के निर्माण को लेकर भी रही है। विधायक के रूप में अपने तीन कार्यकाल के दौरान वे विभिन्न समाजों की 350 से अधिक धर्मशालाओं का निर्माण विधायक निधि से करा चुके हैं, इसी वजह से क्षेत्र में उन्हें 'धर्मशाला वाले बाबा' के नाम से भी जाना जाता है। किसान परिवार से जुड़े पाटीदार को पारंपरिक सवारी का शौक है और वे अक्सर घोड़े पर सवार होकर ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचते रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने कार और घोड़े के बजाय बैलगाड़ी को चुना।
