मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से पिछले तीन दिनों में 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 180 से ज्यादा लोग बीमार पड़े हैं और उनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है। यह घटना चंदेल जिले के चाकपी कारोंग में स्थानीय स्तर पर बनी शराब पीने के बाद सामने आई है। पुलिस अधिकारी इसे संदिग्ध मेथनॉल पॉइज़निंग का मामला बता रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रभावित लोग ज्यादातर चंदेल जिले के चाकपी कारोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं, जिनमें वयस्क से लेकर अधेड़ उम्र के लोग शामिल हैं। इम्फाल के शिजा हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में 180 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. चेतन हुंडोंगबाम ने बताया कि मरीजों के पहुंचने पर पता चला कि यह मेथनॉल पॉइज़निंग का मामला है। उन्होंने बताया कि तीन मरीजों की हालत गंभीर है और उनका हीमोडायलिसिस किया जा रहा है, जबकि अस्पताल के तैयार बिस्तर पूरी तरह भर चुके हैं। मदद के लिए राज्य स्वास्थ्य विभाग, RIMS और GENIMS से संपर्क किया गया है।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शिजा अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और मरीजों तथा मेडिकल टीमों से मुलाकात की। चंदेल जिला मुख्यालय के सुमिल लांघु ने बताया कि यह घटना पिछले दो-तीन दिनों में सामने आई है। उनके मुताबिक, शराब कहां से आई, इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती, लेकिन मिली रिपोर्ट के अनुसार यह उसी शराब की वजह से हुआ है जिसे प्रभावित लोगों ने पिया था। उन्होंने बताया कि शाम तक 15 लोगों की मौत की जानकारी है और कई मरीज बबीना में भी इलाज करा रहे हैं। लांघु ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिले समर्थन से वे संतुष्ट हैं और आर्थिक मदद का भरोसा भी दिया गया है।
