देश की सुरक्षा के लिए खतरा सिर्फ चीन में बने सीसीटीवी कैमरों से ही नहीं, बल्कि मेड इन इंडिया के नाम पर बेचे जा रहे उन कैमरों से भी माना जा रहा है, जिनका सॉफ्टवेयर चीनी कंपनियों पर निर्भर है। इन कैमरों में इस्तेमाल होने वाले एप के जरिये लाइव फुटेज चीनी तकनीकी कंपनियों के रिमोट क्लाउड सर्वर तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। ऐसे में कैमरे भले ही भारत में बने हों, लेकिन उनकी तकनीक और डाटा पर चीन का नियंत्रण होने की आशंका से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
कौशांबी में पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर संवेदनशील स्थानों की निगरानी करने वाले जासूसी नेटवर्क के पर्दाफाश के बाद प्रदेश में ऐसे सभी कैमरों की जांच कराई जा रही है। प्रदेश के सुरक्षा विभाग ने पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के निर्देश दिए हैं। इनमें सरकारी भवन, हवाई अड्डे, सीमा क्षेत्र, औद्योगिक प्रतिष्ठान, लॉजिस्टिक हब और महत्वपूर्ण शहरी क्षेत्र शामिल हैं। अधिकारियों से कैमरों की निर्माता कंपनी, तकनीकी व्यवस्था और जुड़े सुरक्षा जोखिमों की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई और आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2024 में सीसीटीवी कैमरों के लिए आवश्यक मानक लागू किए थे, जिनमें महत्वपूर्ण कलपुर्जों के मूल स्रोत का खुलासा, साइबर सुरक्षा परीक्षण और अनधिकृत रिमोट एक्सेस से सुरक्षा सुनिश्चित करना अनिवार्य किया गया था। कंपनियों को बदलाव के लिए दो साल का समय दिया गया और एक अप्रैल 2026 से चीनी चिपसेट वाले उत्पादों को प्रमाणन देने पर रोक लगा दी गई, जिससे हिकविजन और दहुआ जैसी कंपनियों के उत्पाद भी प्रभावित हुए। इसके बावजूद चीनी तकनीक की पहुंच खत्म नहीं हुई है और भारतीय कंपनियों के साथ संयुक्त उपक्रम तथा वितरकों के माध्यम से चीनी तकनीक वाले कैमरे बाजार में पहुंच रहे हैं। कुछ कैमरों पर मेड इन इंडिया का लेबल है, लेकिन उनका सॉफ्टवेयर चीनी कंपनियों का है। हाईइजी, एसेक्लाउड, वी380 और वाईसीसी365 जैसे एप के जरिये लाइव फुटेज चीनी कंपनियों के रिमोट क्लाउड सर्वर तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
इसी वर्ष मार्च में कौशांबी थानाक्षेत्र के भोवापुर से छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ था। जांच में सामने आया था कि आरोपी सीसीटीवी कैमरे लगाकर संवेदनशील स्थानों की लाइव फुटेज पाकिस्तान में बैठे हैंडलर तक पहुंचा रहे थे। दिल्ली कैंट और सोनीपत रेलवे स्टेशन के आसपास भी ऐसे कैमरे लगाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए ने जांच कर आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी।
