होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आइआरजीसी) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान को ईरान के दक्षिणी हवाई क्षेत्र से पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना होर्मुज में हेंगम द्वीप के पास हुई। आइआरजीसी के मुताबिक, उसकी एयरोस्पेस फोर्स की नई वायु रक्षा प्रणाली ने अमेरिकी विमान को चेतावनी देने के लिए गोलीबारी की, जिसके बाद पायलट ने रास्ता बदलकर इलाके से पीछे हट गया। ईरान ने इसे अपनी रक्षा क्षमताओं का नतीजा बताते हुए अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने का संकल्प दोहराया है।

रिपोर्टों के अनुसार, आइआरजीसी एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर सैयद माजिद मौसवी ने एक्स पर कहा कि अमेरिका को हवा और समुद्र, दोनों मोर्चों पर कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईरान की राष्ट्रीय इच्छाशक्ति और रक्षा क्षमताओं के सामने कोई नाकेबंदी नहीं टिकेगी और नाकेबंदी तोड़ना देश का दृढ़ मिशन है। उन्होंने होर्मुज में ईरान के समुद्री यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। रिपोर्टों के अनुसार, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के सदस्य एस्माईल कौसरी ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का पूरा नियंत्रण है और देश की सेना 1987 से इस रणनीतिक जलमार्ग पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमताओं ने क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गणनाओं को बदल दिया है।

दूसरी ओर, कुवैत में ड्रोन हमले में दो इटलीवासियों की मौत को लेकर भी तनाव बढ़ गया है। रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने घटना में तेहरान की भूमिका से इनकार किया और इसे युद्ध की पहले से तैयार पटकथा जैसा बताया। उन्होंने जांच में कुवैत और इटली के साथ सहयोग की पेशकश की है। हालांकि, रिपोर्टों के अनुसार, कुवैत ने ईरान के राजदूत मोहम्मद तोतोंची को तलब कर कथित ईरानी आक्रामकता पर विरोध दर्ज कराया।

उधर, आइआरजीसी ने होर्मुज में एक टैंकर के बारूदी सुरंग से टकराने और विस्फोट होने का दावा किया है। ईरानी पुलिस ने भी दक्षिण-पूर्वी इलाके में एक दुश्मन ड्रोन को मार गिराने की बात कही है। ईरानी नौसेना के कमांडर शाहराम ईरानी ने दो तेल टैंकरों को अमेरिकी कब्जे से वापस हासिल करने का दावा किया, हालांकि इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।