केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने लतीफ भट को मार गिराया। भट का साथी उमर निसार भी इससे एक दिन पहले कुलगाम में मारा गया था। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि यह अभियान जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहद उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला और उन्होंने इन एजेंसियों के जवानों को सलाम किया।

भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा कि जवानों ने लश्कर-ए-तैयबा के कुख्यात आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराकर बड़ी कामयाबी हासिल की है, जिस पर लाखों रुपये का इनाम था। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने उसे सरेंडर करने का पूरा मौका दिया, यहां तक कि उसके परिवार वालों को भी बुलाया, लेकिन वह एक मस्जिद के अंदर छिप गया। रैना के मुताबिक, सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने मस्जिद का पूरा सम्मान बनाए रखा और उसे तभी मार गिराया गया जब उसने भागने की कोशिश की।

बता दें कि सुबह सुरक्षाबलों ने आतंकी लतीफ भट को बार-बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। सुरक्षा बलों ने उसे वीडियो कॉल भी किया था और अधिकारियों ने उससे सरेंडर करने को कहा था। सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, 'हम तुम्हारे साथ हैं।' हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा कि मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। इसके बाद सुरक्षाबलों की कार्रवाई में आतंकी मारा गया। इस ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

बता दें कि भट का साथी उमर निसार डार इससे पहले सोमवार को कुलगाम में हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था। निसार और लतीफ 11 नवंबर को सीआरपीएफ की एक चौकी पर हुए हमले में शामिल थे।