मोबाइल फोन और डिजिटल तस्वीरों के दौर में बेंगलुरु की सड़कों पर पोलरॉइड कैमरा लोगों को आकर्षित कर रहा है। एमजी रोड, ब्रिगेड रोड और चर्च स्ट्रीट के इलाके में कई युवा पोलरॉइड कैमरे से लोगों की तस्वीरें खींचते नज़र आते हैं। इन्हीं में से एक हैं 28 साल की इवेंजलिन ग्रेस, जो अपनी छोटी बेटी को बेबी कैरियर में बांधकर तस्वीरें खींचती हैं। ग्रेस आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं और किसी के लिए काम करने के बजाय अपना काम करना पसंद करती हैं।
ग्रेस ने बीबीसी न्यूज़ को बताया कि घर के हालात ऐसे हैं कि वह अपनी बेटी को लेकर किसी दफ़्तर में काम करने नहीं जा सकतीं। उनकी चार साल की एक बेटी है, जिसका ध्यान उनके पति रखते हैं। छोटी बेटी को वह अपने साथ लाती हैं, क्योंकि जब तक वह घर नहीं लौटतीं, वह न खाना खाती है और न सोती है। ग्रेस को तस्वीरें खींचने का शौक तीन साल पहले लगा, जब उन्होंने ब्रिगेड रोड और चर्च स्ट्रीट पर एक युवा महिला को पोलरॉइड कैमरे से तस्वीरें खींचते देखा। दूसरी बार गर्भवती होने के बाद उन्हें कुछ समय के लिए यह काम रोकना पड़ा, लेकिन दूसरी बेटी के जन्म के कुछ महीने बाद उन्होंने फिर से काम शुरू कर दिया।
ग्रेस हफ़्ते के पांच दिन, तीन से चार घंटे तस्वीरें खींचती हैं, जबकि वीकेंड पर शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच काम शुरू करके पांच से छह घंटे तक तस्वीरें खींचती हैं। इस दौरान उनकी छोटी बेटी भी उनके साथ रहती है। सड़क पर लंबे समय तक रहने से बच्ची की सेहत पर असर पड़ने के सवाल पर ग्रेस कहती हैं कि यहां आने के बाद उसकी इम्युनिटी बेहतर हुई है। उन्हें भी बेटी के साथ रहने से सुकून मिलता है और वह ज़्यादा आत्मविश्वास के साथ काम कर पाती हैं।
ग्रेस अकेली ऐसी महिला नहीं हैं, जो इस काम से कमाई कर रही हैं। वहां कई युवा लड़के भी पोलरॉइड कैमरे लेकर लोगों की तस्वीरें खींचते हैं। इनमें से एक मोहम्मद शाहिद हैं, जो मंगलुरु के रहने वाले हैं। वो पांच दिन एक दफ़्तर में नौकरी करते हैं और सिर्फ़ वीकेंड पर ब्रिगेड रोड और चर्च स्ट्रीट आते हैं। तस्वीर खिंचवाने आईं नंदिनी का कहना है कि लोग अब फोन से बोर हो गए हैं और उन्हें कुछ अलग चाहिए, इसलिए इंस्टेंट पोलरॉइड का इस्तेमाल बढ़ रहा है। स्मिता बताती हैं कि पोलरॉइड से तस्वीर खिंचवाने पर एक रेट्रो एहसास मिलता है और उस तस्वीर को देखकर पुरानी यादें ताज़ा की जा सकती हैं।
