गुजरात के जूनागढ़ जिले में केशोद-बालागाम रोड पर रविवार को खमीदाणा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। हादसे में कार में सवार तीन लोगों की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार से बाहर छिटककर गिरी एक युवती की जान बच गई। युवती गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज केशोद के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार केशोद-बालागाम रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान खमीदाणा गांव के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क पर पलट गई और उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। हादसे के दौरान एक युवती कार से बाहर छिटककर दूर जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई।

घायल युवती को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू कर दिया। हादसे के भयावह दृश्य के चलते युवती गहरे सदमे में बताई जा रही है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हादसे की सूचना मिलते ही केशोद फायर ब्रिगेड की टीम और इमरजेंसी 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग बुझने के बाद कार के भीतर तीन लोगों के शव मिले। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान करने तथा जले हुए वाहन के संबंध में जानकारी जुटाने की कवायद की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किस वजह से हुआ और कार चालक का वाहन से नियंत्रण कैसे छूटा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर हादसे की जांच की जा रही है और इसके लिए एक टीम का भी गठन किया जा रहा है, जो जल्द ही मामले की जानकारी देगी।