झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो ने परिसीमन बिल पर अब तक अपना पक्ष स्पष्ट नहीं किया है। पार्टी नेतृत्व फिलहाल देखो और इंतजार करो की नीति पर कायम है। झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी के अनुसार पहले विधेयक को देखा जाएगा और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों के अनुपात सहित कई पहलुओं पर विचार होगा। इसके बाद देश और झारखंड के हित में निर्णय लिया जाएगा।
शनिवार को दिल्ली में आईएनडीआईए गठबंधन की बैठक प्रस्तावित है, लेकिन झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन या उनके प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे या नहीं, यह भी साफ नहीं है। उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2026 में लोकसभा में परिसीमन बिल पेश होने पर झामुमो समेत विपक्षी गठबंधन ने इसका विरोध किया था और बिल के खिलाफ मतदान भी किया था। दो तिहाई बहुमत न मिलने से तब बिल गिर गया था।
2008 में भी देश में परिसीमन की प्रक्रिया के दौरान झामुमो ने विरोध किया था। तब आशंका जताई गई थी कि जनगणना के आधार पर होने वाले परिसीमन से झारखंड में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या घट सकती है। उस समय झामुमो अध्यक्ष स्वर्गीय शिबू सोरेन ने विरोध किया था और अन्य राजनीतिक दलों की आपत्ति के कारण झारखंड में विधानसभा सीटों का परिसीमन नहीं हुआ था।
झारखंड में कांग्रेस और झामुमो सत्ता के साझेदार हैं। प्रस्तावित परिसीमन बिल का कांग्रेस विरोध कर रही है, जबकि झामुमो ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है। झामुमो के इस रुख से कांग्रेस के भीतर बेचैनी बताई जा रही है। एक-दो दिन में झामुमो का रुख और साफ हो सकता है।
