गाजीपुर के धरवां गांव की नई बस्ती में मां-बेटी की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों के गले, चेहरे और बाहों पर चाकू के कई वार मिलने की पुष्टि हुई है। शरीर के अन्य हिस्सों पर खरोंच के निशान भी मिले हैं, जिससे वारदात के दौरान संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। मामले में नामजद आरोपी सोनू उर्फ परवेज कुरैशी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
बुधवार को जैबुन निशा और उनकी 12 वर्षीय बेटी ऐमन निशा के शव घर के अंदर रक्तरंजित हालत में मिले थे। हत्या के बाद मकान के बाहर ताला बंद कर दिया गया था। मंगलवार से महिला का मोबाइल बंद होने और घर पर ताला लटके होने पर स्वजन को संदेह हुआ। बुधवार को बहनें पहुंचीं और ताला तोड़कर अंदर गईं, तब घटना का पता चला। जैबुन पिछले आठ वर्षों से बेटी के साथ धरवां में रह रही थीं।
उनके भाई अमीरुल्ला ने बिजली के केबल को लेकर विवाद और पूर्व में मिली धमकी का हवाला देते हुए सोनू उर्फ परवेज के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार रात दोनों शव कासिमाबाद स्थित गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिए गए।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
