मुख्य विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की सहयोगी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने गठबंधन को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। पार्टी महासचिव एम ए बेबी ने कहा कि केंद्र के स्तर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों के बीच तालमेल के उद्देश्य से 'इंडिया' गठबंधन बनाया गया था, लेकिन अलग-अलग राज्यों में राजनीतिक फैसले वहां की परिस्थितियों के अनुसार लिए जाएंगे।

सीताराम येचुरी फाउंडेशन के एक कार्यक्रम के बाहर मीडिया से बात करते हुए बेबी ने कहा कि फासीवादी प्रवृत्तियों वाला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) केंद्र की सत्ता में काबिज भाजपा को नियंत्रित करता है और इस खतरे का मुकाबला करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 'इंडिया' गठबंधन बनाया गया था। माकपा इसका हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हर राज्य की परिस्थितियां अलग होती हैं और फैसले उसी के अनुसार लिए जाते हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की संस्थापक ममता बनर्जी के भाजपा विरोधी सभी ताकतों से एकजुट होने की अपील पर बेबी ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई फैसला लेगी। पार्टी के नेता मोहम्मद सलीम ने भी तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना पर सतर्क रुख अपनाते हुए कहा कि लोकतंत्र में बातचीत करना स्वीकार्य है, लेकिन इंसान को अपने दोस्तों और दुश्मनों की पहचान होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की रणनीति धीरे-धीरे तैयार की जाती है।

सलीम ने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालात पर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दक्षिणपंथी ताकतें ममता बनर्जी और तृणमूल के साथ मिलकर बंगाल में लेफ्ट फ्रंट को हराना चाहती थीं, और अब ममता बनर्जी और तृणमूल खुद पतन की ओर बढ़ चुकी हैं, जबकि भाजपा ने आकर वही भ्रष्टाचार जारी रखा है। उन्होंने कहा कि लोग अब इस स्थिति का अंत चाहते हैं, इसलिए वे वामपंथियों की ओर देख रहे हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया था, लेकिन उसके बाद से गठबंधन सहयोगियों का खराब दौर शुरू हो गया।