आंध्र प्रदेश में स्थानीय चुनाव से पहले एनडीए के दो सहयोगी दलों के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गांवों में सर्वसम्मति से चुनाव कराने पर जोर दिया है, जबकि उप मुख्यमंत्री और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने अपने कार्यकर्ताओं को स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की अनुमति दे दी है। इससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।

नायडू ने सर्वसम्मति से प्रतिनिधि चुनने के पक्ष में तर्क देते हुए कहा कि राजनीतिक मुकाबला अब खत्म हो गया है और अब पंचायतों के विकास पर ध्यान देने का समय है। उन्होंने पार्टी नेताओं को चेतावनी दी कि व्यक्तिगत अहंकार और गुटबाजी के कारण संगठन को बांटने की जरूरत नहीं है।

दूसरी ओर, जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने अपने संगठन के कार्यकर्ताओं से कहा है कि जो भी चुनाव लड़ना चाहता है, वह स्वतंत्र रूप से लड़ सकता है और पार्टी की ओर से उस पर कोई रोक-टोक नहीं है। उन्होंने पार्टी के भीतर सीटों के बंटवारे की बात को खारिज किया है और मुश्किलों का सामना कर रहे उम्मीदवारों की मदद के लिए एक विशेष 'हेल्प डेस्क' बनाई है।

गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश की चंद्रबाबू नायडू सरकार ने सर्वसम्मति से पंचायत चुनाव कराने को बढ़ावा देने के लिए सहायता राशि बढ़ाने का ऐलान किया है। नए ऐलान के मुताबिक 5,000 तक की आबादी वाली ग्राम पंचायतों के लिए यह राशि 15 लाख रुपये, 5,001 से 10,000 की आबादी के लिए 25 लाख रुपये और 10,000 से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों के लिए 50 लाख रुपये कर दी गई है। यह राशि तब मिलती है, जब सरपंच और सभी वार्ड सदस्य सर्वसम्मति से चुने जाते हैं।