कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के शीर्ष नेताओं में शामिल सौरभ दास ने दावा किया है कि भाजपा के कुछ मतदाता अब पार्टी से नाराज हो रहे हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने इस बारे में एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि दिवाली के दौरान एक व्यक्ति ने उनके साथ फोटो खिंचवाई और कहा कि वह भाजपा का समर्थक रहा है, लेकिन अब पार्टी ने "बहुत ज्यादा कर दिया है"। दास ने कहा कि जहां भी वे जाते हैं, भाजपा के समर्थकों के पार्टी के खिलाफ होने का नजारा देखने को मिल रहा है।

सौरभ दास ने भाजपा के मॉडरेट मतदाताओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग पूरी तरह ब्रेन वॉश नहीं हुए हैं, उन्हें हकीकत दिखाना जरूरी है। उन्होंने वायु प्रदूषण का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ लोग एक्यूआई 300 से ज्यादा होने पर भी पटाखे फोड़ने को कहते हैं। दास ने कहा कि ऐसे लोगों के बारे में उनके पास कोई जवाब नहीं है।

फिलहाल सौरभ दास उत्तर प्रदेश में हैं, जहां सीजेपी का 'स्कूल ठीक करो' अभियान चल रहा है। उन्होंने एक्स पर बताया कि पश्चिमी यूपी की टीम ने चार जिलों के 20 सरकारी स्कूलों का सोशल ऑडिट किया। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बच्चे बहुत खराब हालत में पढ़ने को मजबूर हैं। पार्टी ने अभी तक किसी नए प्रदर्शन का ऐलान नहीं किया है।

उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में चुनाव होने हैं। इसके अलावा गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड और पंजाब में भी विधानसभा चुनाव होंगे। हाल ही में सीजेपी ने यूपी, महाराष्ट्र, बिहार समेत 10 जोन में अपनी टीमों का ऐलान किया है, जिसमें सबसे बड़ी टीम यूपी में उतारी गई है। पॉडकास्ट में दास ने साफ किया कि सीजेपी फिलहाल राजनीतिक दल बनने में दिलचस्पी नहीं रखती और वह अभी एक प्रेशर ग्रुप ही बने रहना चाहती है।