कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तारीफ की है। उन्होंने पुतिन को उन नेताओं में शामिल बताया जिनकी भू-राजनीतिक समझ बेहद गहरी है। राहुल गांधी 18 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसका विषय 'द ईरान वॉर एंड इंडियाज रोल इन द वर्ल्ड' था। चर्चा में यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप भी मौजूद थे।

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में पश्चिमी देशों के नेतृत्व में बदलाव देखा है। पहले पश्चिमी नेताओं को दुनिया के दूसरे हिस्सों की अच्छी समझ होती थी, लेकिन बाद में ऐसे नेता सामने आए जिनका ध्यान केवल अपने देश के अंदरूनी मामलों पर केंद्रित था। उन्होंने कहा कि इसके उलट पुतिन के पास अंतरराष्ट्रीय मामलों की व्यापक समझ है और वह वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से बात कर सकते हैं। राहुल गांधी ने कहा, "मिस्टर पुतिन की भू-राजनीतिक समझ उन सबसे गहरी है, जिनसे अब तक मेरा सामना हुआ है।" उन्होंने यह भी कहा कि यह उनका व्यक्तिगत अनुभव है और जरूरी नहीं कि उनका आकलन पूरी तरह सही हो।

प्रोफेसर रॉबर्ट पेप ने अमेरिका में नेतृत्व के बदलते स्वरूप पर राहुल गांधी की राय जाननी चाही थी। उन्होंने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का उदाहरण देते हुए अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से आने वाले युवा नेताओं के उभार पर सवाल पूछा। जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि यह बदलाव अच्छा है। उन्होंने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के साथ हुई बातचीत का उदाहरण भी दिया।

राहुल गांधी ने दूसरे विश्व युद्ध के बाद बनी वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि भविष्य की वैश्विक व्यवस्था किसी एक सभ्यता या कुछ पश्चिमी देशों के नियंत्रण में नहीं होनी चाहिए। इसमें अमेरिका, चीन, भारत, मध्य पूर्व और रूस समेत कई देशों और सभ्यताओं की भूमिका होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि भारत की विदेश नीति का आधार दूसरे देशों के नेताओं के साथ व्यक्तिगत दोस्ती नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित होना चाहिए।