जेल से बुधवार को रिहा होने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान के तेवर तीखे बने हुए हैं। गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर आरोप लगाया कि वो उनके विरोधियों की मदद कर रहे हैं। ओवैसी ने आज़म ख़ान की रिहाई पर शुभकामनाएं दी थीं, जिस पर तंज़ कसते हुए आज़म ख़ान ने कहा कि "उनकी दुआ, दुश्मनों के लिए दवा थी।" उन्होंने ओवैसी को मौलाना नहीं बल्कि बैरिस्टर बताया और कहा कि दाढ़ी रख लेने से कोई मौलाना नहीं हो जाता। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके ख़ित्ते में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती, यहां पुलाव और मटन बिरयानी पसंद की जाती है। हालांकि ओवैसी और चंद्रशेखर आज़ाद के गठबंधन पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार किया।
बता दें कि 12 नवंबर को असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने लखनऊ में 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम के नए गठबंधन का एलान किया था। ओवैसी ने चंद्रशेखर आज़ाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है और दोनों पार्टियां मिलकर यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। राजनीतिक हल्के में इसे सपा-कांग्रेस के इंडिया गठबंधन के लिए चुनौती माना जा रहा है, क्योंकि दोनों गठबंधन कुछ हद तक मुसलमान वोट बेस साझा करते हैं। आज़म ख़ान को सपा का प्रभावशाली मुस्लिम नेता माना जाता है, इसलिए राजनीतिक विश्लेषक उनके बयानों को मुसलमान वोटों को अपने पक्ष में करने की कोशिशों से जोड़कर देख रहे हैं।
ओवैसी पर आज़म ख़ान की ताज़ा टिप्पणी पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने भी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने बयान का स्वागत करते हुए कहा कि बीजेपी ने आज़म ख़ान को 10 साल तक जेल में रखा, लेकिन उनके रवैये में कोई बदलाव नहीं आया। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने दाढ़ी पर आज़म ख़ान की टिप्पणी को सही नहीं बताया और कहा कि दाढ़ी एहतराम की चीज़ है, इस पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
ओवैसी ने नया मोर्चा बनाने के साथ समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को रोकने की असली ताक़त अब 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के पास है, क्योंकि सपा 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनावों में बीजेपी को रोकने में नाकाम रही है। समाजवादी पार्टी ने भी ओवैसी पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि एआईएमआईएम के नेता जहां बीजेपी सत्ता में होती है वहां विपक्ष से सवाल पूछते हैं, लेकिन बीजेपी से सवाल पूछने की हिम्मत नहीं दिखाते।
