आधार कार्ड में ईमेल आईडी जोड़ने, बदलने या अपडेट करने की सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त है। UIDAI के अनुसार इस तारीख के बाद ईमेल अपडेट के लिए 75 रुपये का शुल्क देना होगा। अगर आपने अब तक अपना ईमेल आधार से लिंक नहीं कराया है या पुराना ईमेल बदलना चाहते हैं, तो यह मुफ्त में काम कराने का आखिरी मौका है।

इस काम के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं है। UIDAI की आधिकारिक Aadhaar App के जरिए घर बैठे ईमेल अपडेट की रिक्वेस्ट डाली जा सकती है। इसके लिए आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना चाहिए, ताकि लॉगिन के दौरान आने वाला OTP दर्ज किया जा सके। साथ ही नया ईमेल एड्रेस उपलब्ध होना चाहिए, क्योंकि वेरिफिकेशन के लिए उस पर OTP भेजा जाएगा। ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।

प्रक्रिया इस प्रकार है: सबसे पहले Aadhaar App डाउनलोड करें और 12 अंकों के आधार नंबर की मदद से लॉगिन करें। लिंक मोबाइल नंबर पर आए OTP से लॉगिन पूरा करने के बाद Services सेक्शन में जाएं और Email Add/Update विकल्प पर क्लिक करें। अब जिस ईमेल एड्रेस को आधार से लिंक करना है, उसे दर्ज करें।

इसके बाद नए ईमेल एड्रेस पर भेजा गया OTP दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें। फिर स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए फेस ऑथेंटिकेशन करें। अंत में नए ईमेल एड्रेस को एक बार ध्यान से जांच लें और सारी जानकारी सही होने पर रिक्वेस्ट सबमिट कर दें।