बांग्लादेश-भारत सीमा पर जमालपुर ज़िले के देवानगंज उपजिला के पाथरर चर सीमा क्षेत्र में एक महिला पांच दिनों से नो-मैन्स लैंड यानी शून्य रेखा पर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। महिला मंगलवार सुबह से वहां फंसी हुई है और बांग्लादेश तथा भारत में से कोई भी देश उसे अपना नागरिक मानकर अपनाने को तैयार नहीं है। बांग्लादेश की सीमा सुरक्षा बल बीजीबी का दावा है कि भारतीय सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ़ ने महिला को जबरन बांग्लादेश में प्रवेश कराने की कोशिश की थी, जिसे स्थानीय निवासियों और बीजीबी ने रोक दिया। मामले पर ख़बर लिखे जाने तक बीएसएफ़ की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
स्थानीय मीडिया कर्मी जीएम फातिउल हाफिज बाबू के अनुसार महिला ने अपना नाम फुजी बेगम, पिता का नाम हनीफ और उम्र लगभग 30 वर्ष बताई है, लेकिन वह अपना निश्चित पता नहीं बता पा रही है। उन्होंने बताया कि महिला ने कभी अपना घर बांग्लादेश के पिरोज़पुर ज़िले में, कभी झालोकाठी और कभी बरिशाल बताया। जमालपुर 35 बीजीबी के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल हसनुर रहमान ने कहा कि महिला कोई ठोस पता नहीं बता पा रही है और उसके साथ सामान्य तरीके से बातचीत करना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीजीबी के पास इस बात के सबूत हैं कि बीएसएफ़ ने महिला को भारत से धकेलकर बांग्लादेश की ओर भेजने की कोशिश की थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक शुरुआती कुछ दिनों तक महिला तक चावल, बिस्कुट और ब्रेड जैसे सूखे खाद्य पदार्थ पहुंचाए जा रहे थे, लेकिन शुक्रवार को यह भी संभव नहीं हो पाया। स्थानीय मीडिया कर्मी फरहाद रेजा ने दावा किया कि शुक्रवार को बीएसएफ़ ने खाना और पानी पहुंचाने तथा पास जाकर रिपोर्टिंग करने पर आपत्ति जताई। मामले को सुलझाने के लिए दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के बीच अनौपचारिक बातचीत हुई है, लेकिन शुक्रवार दोपहर तक कोई समाधान नहीं निकला और दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर अड़े रहे।
