विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की मंजूरी के साथ शैक्षणिक सत्र 2027 से छात्रों को भारत में रहकर ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, ब्रिटेन और इटली के 20 से अधिक विश्वविद्यालयों में पढ़ाई का मौका मिलेगा। आगामी जनवरी सत्र से इन विश्वविद्यालयों में स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले का रास्ता खुल गया है। सामान्य शिक्षा के साथ एआई और साइबर सिक्योरिटी जैसे विषयों में भी पढ़ाई का अवसर मिलेगा। इनके कैंपस गिफ्ट सिटी गुजरात, बंगलूरु, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई और चेन्नई में होंगे। भारत में रहकर विदेशी विश्वविद्यालयों द्वारा दी जाने वाली डिग्री भारतीय डिग्री के बराबर मानी जाएगी और छात्रों को डिग्री समकक्षता के लिए अलग से कोई परीक्षा नहीं देनी होगी। इस डिग्री को भारत में उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए मान्यता दी गई है।
सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अगले सत्र से भारतीय उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव दिखेगा। अब छात्रों के पास भारतीय विश्वविद्यालयों के साथ घर बैठे विदेशी विश्वविद्यालय से यूजी और पीजी डिग्री हासिल करने का मौका रहेगा और इसके लिए उन्हें विदेश जाने की जरूरत नहीं होगी। अधिकारी के अनुसार इससे अभिभावकों की जेब पर करीब 30 फीसदी की कमी आएगी।
फिलहाल 20 विश्वविद्यालयों को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) जारी किए जा चुके हैं। विदेशी विश्वविद्यालयों के लिए अनुमति प्रक्रिया आसान बनाने के लिए यूजीसी ने सिंगल-विंडो क्लियरेंस व्यवस्था शुरू की है, जिससे सभी जरूरी नियम और मंजूरी प्रक्रिया एक क्लिक पर मिल रही है। दाखिले के लिए 12वीं में 75 प्रतिशत तो यूजी में 55 से 70 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे, जबकि बोर्ड परीक्षा में अंग्रेजी में 70 फीसदी से अधिक अंक होने जरूरी होंगे।
विदेशी विश्वविद्यालयों ने अपने यूजी और पीजी कोर्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), स्टैम्म, डाटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी जैसी उभरती हुई फील्ड में पढ़ने का मौका दिया है। स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत छात्र एक से दो सेमेस्टर विदेश में पढ़ सकेंगे। यूजीसी की उच्चस्तरीय समिति इन कैंपसों में पढ़ाई, दाखिला, पाठ्यक्रम, फीस, कैंपस लाइफ, छात्रों की दिक्कतें, परीक्षा और मूल्यांकन की निगरानी करेगी और छात्र अपनी दिक्कतें इस समिति के समक्ष रख सकेंगे, जिसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। यूजीसी ने भारत में कैंपस खोलने की अनुमति दुनिया की टॉप 500 यूनिवर्सिटीज को ही दी है। इनमें यूनिवर्सिटी ऑफ एबरडीन, ब्रिस्टल, यॉर्क, इलिनोइस टेक, लिवरपूल और विक्टोरिया यूनिवर्सिटी जैसे संस्थान शामिल हैं।
मौजूदा समय में भारत में केवल तीन विदेशी विश्वविद्यालयों के कैंपसों में कक्षाएं चल रही हैं और इन सभी में मिलाकर पहले साल में 250 से भी कम छात्रों ने दाखिला लिया। इनमें यूनिवर्सिटी ऑफ साउथेम्प्टन ने अगस्त 2025 से गुरुग्राम में कक्षाएं शुरू की थीं, जबकि यूएनएसडब्ल्यू सिडनी ने अगस्त 2026 में बंगलूरू में कक्षाएं शुरू कीं। भारत में चल रहे इन कैंपसों में ट्यूशन फीस लगभग 11.5 लाख रुपये सालाना से शुरू होती है, जबकि इन्हीं विश्वविद्यालयों के विदेशी कैंपस में पढ़ाई करने पर यहां की तुलना में ज्यादा पैसे लगेंगे।