श्रीलंका-ए के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार के बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने कहा है कि मैच के 20 ओवर के बाद विकेट धीमा हो गया था, जिसकी वजह से टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए थे, लेकिन श्रीलंका ने यह लक्ष्य 41.3 ओवर में हासिल कर लिया। श्रीलंकाई टीम ने एक भी मैच हारे बिना फाइनल में जगह बनाई है।

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में तिलक वर्मा ने कहा कि 320-330 का स्कोर अच्छा था। उनके मुताबिक, पहले 20 ओवर तक गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी, लेकिन उसके बाद ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने माना कि टीम ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए, जिससे रन गति धीमी हो गई। तनुष और शाहबाज की अच्छी बैटिंग की बदौलत भारत 318 रन तक पहुंच सका।

कप्तान ने गेंदबाजी के बारे में कहा कि पहले 15 ओवर बहुत कठिन रहे। उनका प्लान श्रीलंका को छह रन प्रति ओवर पर रोकने का था, लेकिन टीम ऐसा नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि वह उस समय सभी गेंदबाजों को आजमा रहे थे, लेकिन यह भारत के लिए बुरा दिन था। तिलक ने श्रीलंका के ओपनर्स के अच्छे खेल को श्रेय दिया और कहा कि जीत का श्रेय श्रीलंका टीम को जाता है।

इस जीत के साथ श्रीलंका ने फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका मुकाबला बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान मैच के विजेता से होगा।